IND W vs SA W Women's World Cup 2025 Final: आईसीसी महिला विश्व कप 2025 का फाइनल भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जा रहा है। दोनों ही टीमें अपने चरम फॉर्म पर हैं, भारत ने 7 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर और दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है। हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, मारिजैन कप्प, नादिन डी क्लर्क और लौरा वोलवार्डट जैसे सितारे मैदान पर एक्शन में होंगे। इन खिलाड़ियों को एक्शन में देखने का फैंस को इंतजार है लेकिन फिलहाल बारिश के चलते मैच शुरू नहीं हो पाया है और फैंस के मन में ये सवाल उठ रहा है कि अगर मैच बारिश के चलते रद्द हो गया या फिर आज नहीं हो पाया तो क्या होगा।
भारत और द.अफ्रीका मैच में बारिश का साया (फोटो- AP)
मैच के दौरान भी खलल डालेगी बारिश
डीवाई पाटिल स्टेडियम में बारिश ने मैच की शुरुआत में तो देरी कर दी है साथ ही ये मैच के बीच में भी खलल डाल सकती है। एक्यूवेदर के अनुसार, महिला विश्व कप 2025 के फाइनल के दिन नवी मुंबई शहर में बारिश की 63% संभावना है, जबकि गरज के साथ तूफान की संभावना 13% है।पूर्वानुमान के मुताबिक, मैच के दौरान रुक-रुक कर बारिश होने की आशंका है, जिससे डीवाई पाटिल स्टेडियम में यह मुकाबला 'स्टॉप-स्टार्ट' गेम बन सकता है।
बारिश के चलते नहीं हुआ मैच को क्या होगा?
नवीं मुंबई ने बारिश ने पहले ही खलल डाल दिया है और अगर मैच रद्द हो जाता है तो आयोजकों ने ऐसे परिदृश्यों के लिए एक रिजर्व डे रखा है।महिला विश्व कप फाइनल के लिए 3 नवंबर को रिजर्व डे के रूप में निर्धारित किया गया है।यदि निर्धारित दिन (रविवार) को बिल्कुल भी खेल नहीं हो पाता है, तो दोनों टीमों को सोमवार को वापस आना होगा, ताकि एक उचित चैंपियन का ताज पहनाया जा सके।हालांकि, मैच अधिकारियों और रेफरी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित दिन पर मैच को समाप्त करने के लिए हर विकल्प को आजमाएं, भले ही इसके लिए कम ओवरों का मुकाबला ही क्यों न कराना पड़े।
टाई होने पर ट्रॉफी साझा
नियमों के अनुसार, किसी निर्णायक परिणाम के लिए दोनों टीमों को कम से कम 20 ओवर खेलने होंगे।सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यदि मैच रिजर्व डे (सोमवार) पर भी चला जाता है और वहां भी बारिश के कारण खेल नहीं हो पाता है, तो ट्रॉफी भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच साझा की जाएगी। ऐसी स्थिति में किसी एक टीम को चैंपियन नहीं घोषित किया जाएगा।
