Railways vs Delhi: 30 जनवरी से दिल्ली और रेलवे के बीच होने वाला रणजी ट्रॉफी मैच दिल्लीवासियों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। दरअसल इस मैच में उनके सबसे चहेते खिलाड़ी विराट कोहली खेलते नजर आएंगे। 13 साल के इंतजार के बाद विराट घरेलू क्रिकेट में खेलते नजर आएंगे। इसके लिए वह दिल्ली पहुंच चुके हैं और अभ्यास भी शुरू कर दिया है। यह मुकबला दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। डीडीसीए (DDCA) ने इस मैच को खास बनाने के लिए लगभग 10,000 फैंस को फ्री में टिकट देने की बात कही है जो पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दी जाएगी।
विराट कोहली रणजी ट्रॉफी मैच (साभार-X)
लेकिन सवाल उठता है कि उनका क्या जो या तो इतने लकी नहीं हैं कि उन्हें टिकट मिले या फिर किसी अन्य कारण से मैच देखने स्टेडियम नहीं जा सकते। क्या दिल्ली और रेलवे के बीच खेले जाने वाले इस मैच का कोई लाइव स्ट्रीमिंग किया जाएगा या फिर टीवी पर दिखाया जाएगा। फैंस को इस बात का बेसब्री से इंतजार है, लेकिन हम आपके इस सवाल का जवाब दे देते हैं। दरअसल कोहली की लंबे समय से प्रतीक्षित वापसी उन मैचों की सूची में शामिल नहीं है जिनका प्रसारण या लाइव स्ट्रीमिंग किया जाएगा।
विराट के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग क्यों नहीं
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) प्रसारण के लिए हर राउंड में तीन मैच की सूची तय करता है जो टीवी पर दिखाया जाएगा। यह पहले से तय होता है, और दिल्ली बनाम रेलवे का मुकाबला 2024-25 सीज़न के लिए 8वें राउंड के लिए चुने गए मैचों की सूची में शामिल नहीं है।
इन मैचों की होगी लाइव स्ट्रीमिंग
गुरुवार से शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी के इस राउंड में बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में कर्नाटक और हरियाणा के बीच होने वाले मैच का प्रसारण और स्ट्रीमिंग किया जाएगा। केएल राहुल की भागीदारी के कारण इस मैच पर दुनिया भर की नज़रें होंगी। इस बीच, कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पंजाब के खिलाफ बंगाल का घरेलू मैच और वडोदरा के कोटंबी स्टेडियम में बड़ौदा और जम्मू एवं कश्मीर के बीच मैच भी ऑनलाइन स्ट्रीम किया जाएगा।
आखिरी बार कब रणजी खेले थे विराट
विराट कोहली आखिरी बार 13 साल पहले रणजी ट्रॉफी मैच खेले थे। खराब फॉर्म से जूझ रहे विराट ने फॉर्म की तलाश में घरेलू क्रिकेट में वापसी की है। इसके अलावा बीसीसीआई ने भी घरेलू क्रिकेट को अनिवार्य कर दिया है जिसका परिणाम है कि विराट, रोहित, रवींद्र जडेजा, केएल राहुल जैसे बड़े नाम रणजी खेलते नजर आ रहे हैं। विराट ने आखिरी बार 2012 में गाजियाबाद के जवाहरलाल नेहरु स्टेडियम में दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच मैच में हिस्सा लिया था।
रणजी ट्रॉफी में दिल्ली की स्थिति
रणजी ट्रॉफी में दिल्ली की स्थिति कुछ खास ठीक नहीं है। उसके नॉकआउट के लिए क्वालीफाई करने की संभावना कम है क्योंकि वे ग्रुप डी में 14 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी रेलवे 17 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं। तमिलनाडु (25), चंडीगढ़ (19) और सौराष्ट्र (18) अंकों के साथ शीर्ष तीन स्थानों पर हैं। केवल शीर्ष दो टीमें ही क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।
