भारतीय क्रिकेट और उसके खिलाड़ियों से जुड़ी विवाद कभी थमते नहीं है। ताजा विवाद भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल (Abhishek Porel) से जुड़ा है। मामला उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा है, जो अब गंभीर मुद्दा बन चुका है। अभिषेक पोरेल पर एक महिला को शादी का झांसा देकर उसके उत्पीड़न का आरोप लगा है, जिसके बाद उनको गिरफ्तार कर लिया गया है।
अभिषेक पोरेल (Instagram)
क्रिकेटर अभिषेक पोरेल पर शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। क्रिकेटर ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए खारिज कर दिया है। पोरेल, जो दिल्ली कैपिटल्स के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज और बंगाल क्रिकेट टीम के अहम खिलाड़ी हैं, चंदननगर, हुगली के रहने वाले हैं। पीड़िता हुगली के मोगरा में रहती है और डेंटल कॉलेज की छात्रा है। पुलिस अधिकारी और पीड़िता का परिवार इस मामले पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं और कैमरे के सामने कोई टिप्पणी नहीं कर रहे हैं।
मोगरा पुलिस स्टेशन में इस सिलसिले में अभिषेक पर कई धाराओं में केस दर्ज किए गए हैं। मुख्य आरोपी अभिषेक पोरेल (पिता सोमनाथ पोरेल, निवासी राथेर सड़क, थाना चंदननगर) को दमदम थाना क्षेत्र के एमामी सिटी से गिरफ्तार किया गया है।
अभिषेक पोरेल का जन्म 17 अक्टूबर 2002 को हुआ था और फिलहाल वो 23 साल के हैं। वो बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और विकेटकीपर भी हैं। उनके भाई ईशान पोरेल भी एक क्रिकेटर हैं जो बंगाल से खेलते हैं। अभिषेक पोरेल ने 32 प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैचों में 1408 रन बनाए हैं जिसमें 1 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं। विकेट के पीछे वो 114 कैच और 10 स्टंपिंग कर चुके हैं।
लिस्ट-ए क्रिकेट में अभिषेक 23 मैचों में 833 रन बना चुके हैं जिसमें 2 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं। इस फॉर्मेट में वो विकेट के पीछे 33 कैच और 4 स्टंपिंग अपने नाम कर चुके हैं। जबकि टी20 फॉर्मेट में वो 61 मैच खेलते हुए 1590 रन बना चुके हैं और विकेट के पीछे 20 कैच और 1 स्टंपिंग अपने नाम की है। हालांकि अब तक उन्हें राष्ट्रीय टीम से खेलने का मौका नहीं मिला है।
