भारतीय मेंस हॉकी टीम ने मलेशिया को 5-1 से हराकर एशियन गेम्स में लगातार दूसरा गोल्ड जीत लिया। भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल दागे। इसके अलावा जोगराज सिंह, हार्दिक सिंह और शिलानंद लाकरा ने 1-1 गोल किया। यह एशियन गेम्स में भारत का 5वां गोल्ड है जबकि पहली बार ऐसा हुआ है जब मेंस टीम अपने गोल्ड मेडल को डिफेंड करने में कामयाब हुई है। इस ऐतिहासिक गोल्ड मेडल के बाद हॉकी टीम पर ईनामों की बारिश होनी भी शुरू हो गई है। ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने मेंस हॉकी टीम के लिए कैश प्राइज की घोषणा की है।
मेंस हॉकी टीम (साभार-X/AI)
हर एक खिलाड़ी को मिलेंगे 11-11 लाख
ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने एक्स पर हॉकी खिलाड़ियों को गोल्डन जीत पर शुभकामनाएं दी। ओडिशा सीएमओ ने एक्स पर लिखा 'माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी ने एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के खिलाड़ियों को 11 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को 5.5 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने टीम के प्रत्येक सदस्य को बधाई दी और इस यादगार उपलब्धि में उनके योगदान को सराहा है। भारतीय हॉकी से गहरे जुड़ाव के साथ, ओडिशा अपने चैंपियनों के साथ गर्व से खड़ा है और इसको आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
इससे ठीक एक दिन पहले भारतीय विमेंस हॉकी टीम ने फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर एशियन गेम्स में अपना दूसरा गोल्ड जीता था। ओडिशा सरकार की ओर से उनके लिए भी ईनामों की घोषणा की गई थी।
हॉकी इंडिया ने भी की कैश प्राइज की घोषणा
इसके अलावा हॉकी इंडिया ने भी कैश प्राइज की घोषणा की। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने पुरुष और महिला हॉकी टूर्नामेंट में दोहरे पदक जीतने के लिए टीम इंडिया की सराहना करते हुए कहा कि पुरुष टीम के लिए पहली बार सफलतापूर्वक अपने स्वर्ण पदक का बचाव करना एक शानदार उपलब्धि है और उन्होंने टीम के हर सदस्य के लिए 11 लाख और सपोर्ट स्टाफ के लिए 5.5 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की।
