MS Dhoni played only two matches in Ahmedabad : छोटे फॉर्मेट का रोमांच एक बार फिर शुरू होने वाला है। आईपीएल के 16वें सीजन का आगाज 31 मार्च यानी शुक्रवार से होने वाला है। ओपनिंग मैच में धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स और हार्दिक पंड्या की टीम गुजरात टाइटंस आपस में भिड़ने उतरेगी। यह मुकाबला अहमदबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर एमएस धोनी की कप्तानी में चेन्नई सिर्फ दो मैच खेलने उतरी है। हालांकि, दोनों ही मैच में धोनी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी। (फोटो - IPL/BCCI)
6 साल पहले खेला गया था मैच
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम छह साल बाद फिर अहमदाबाद के स्टेडियम में मुकाबले के लिए उतरेगी। टीम इससे पहले अहमदाबाद में सिर्फ दो मुकाबले खेलने उतरी है। चेन्नई ने अहमदाबाद में पहला मुकाबला 28 मार्च 2010 को खेला था। इसमें टीम को राजस्थान रॉयल्स के हाथों हार झेलनी पड़ी थी। इसी तरह दूसरा मुकाबला 19 अप्रैल 2015 को खेला गया था। इस मुकाबले में भी राजस्थान के खिलाफ टीम को हार झेलनी पड़ी थी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अभी तक कुल 18 मुकाबले खेले गए हैं।
धोनी नहीं कर पाए खास प्रदर्शन
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चेन्नई धोनी की कप्तानी में उतर चुकी है। लेकिन इस मुकाबले में धोनी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। 2010 में राजस्थान के खिलाफ 110.53 की स्ट्राइक रेट से 19 गेंद पर दो चौकों की मदद से 21 रन बनाए थे और इसके बाद वे रन आउट हो गए थे। वहीं, दूसरे मुकाबले में धोनी ने 83.78 की स्ट्राइक रेट से 37 गेंद पर 4 चौकों की मदद से नाबाद 31 रन बनाए थे। इस मुकाबले में ड्वेन ब्रावो ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली थी। उन्होंने 36 गेंद पर 8 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 62 रन बनाए थे।
