क्रिकेट

CAN vs IRE Highlights: टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड को हराकर कनाडा ने चखा पहली जीत का स्वाद

CAN vs IRE Highlights: कनाडा ने आयरलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत दर्ज कर ली। नासाउ में खेले गए मुकाबले में उसने आयरलैंड की टीम को 12 रन से हरा दिया।

Image

कनाडा बनाम आयरलैंड (साभार-X T20 World cup)

KEY HIGHLIGHTS
  • कनाडा ने चखा जीत का स्वाद
  • आयरलैंड को 12 रन से दी पटखनी
  • टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कनाडा की पहली जीत

CAN vs IRE Highlights: कनाडा ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में जीत का स्वाद चख लिया। अपने दूसरे मुकाबले में उसने आयरलैंड की टीम को 12 रन से पटखनी दी। आयरलैंड के सामने जीत के लिए 138 रन का लक्ष्य था, लेकिन कनाडा के गेंदबाजों ने उन्हें 125 रन पर ही रोक दिया। कनाडा की ओर से डिलन हेइलिगर और जेरेमी गॉर्डन ने 2-2 विकेट चटकाए। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कनाडा की पहली जीत है। ये कनाडा की टेस्ट प्लेइंग नेशन के खिलाफ दूसरी और आयरलैंड के खिलाफ चौथी जीत है। आयरलैंड की ओर से सर्वाधिक 34 रन की पारी मार्क अडेयर ने खेली। अडेयर के अलावा जॉर्ज डॉकरेल ने 30 रन बनाए। दोनों ने 7वें विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की। इन दोनों के अलावा आयरलैंड को कोई भी बल्लेबाज कनाडा के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाया।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कनाडा की टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 137 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। कनाडा की ओर से निकोल्स किर्टोन (49) और श्रेयस मोव्वा ने (37) रन की पारी खेली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 63 गेंद में 75 रन की साझेदारी की और अपनी टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया।

पिछले मैच में अमेरिका के खिलाफ 31 गेंद में 51 रन बनाने वाले किर्टोन एक रन से लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा करने से चूक गये लेकिन उन्होंने 35 गेंद की पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाकर अपनी टीम की मैच में वापसी करा दी। इससे पहले कनाडा की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम नौवें ओवर में 53 रन पर चौथा विकेट गंवाने के बाद बैकफुट पर थी। किर्टोन और विकेटकीपर मोव्वा ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए मुश्किल पिच पर टीम को संघर्षपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। मोव्वा ने आखिरी गेंद पर रन आउट होने से पहले 36 गेंद की पारी में तीन चौके जड़े। आयरलैंड के लिए क्रेग यंग और बैरी मैकार्टी ने दो-दो विकेट लिये जबकि मार्क एडेर और गैरेथ डेलनी को एक-एक सफलता मिली।

(भाषा इनपुट के साथ)

End of Article