क्रिकेट

बुची बाबू टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचा तमिलनाडु, टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी फिर हुए फ्लॉप

मुंबई एकादश की टीम में शामिल भारतीय स्टार खिलाड़ियों का खराब प्रदर्शन बुची बाबू टूर्नामेंट में खराब प्रदर्शन जारी रही। तमिलनाडु की टीम मुंबई को पटखनी देकर सेमीफाइनल में पहुंच गई है।

Image

तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन प्लेइंग-11

KEY HIGHLIGHTS
  • बुची बाबू टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचा तमिलनाडु
  • मुंबई को दी कोयंबटूर में खेले गए मुकाबले में 286 रन से मात
  • टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी हुए दूसरी पारी में भी फ्लॉप

कोयंबटूर: श्रेयस अय्यर और सरफराज खान फ्लॉप रहे जबकि सूर्यकुमार यादव ने चोट संबंधित चिंता के कारण शुक्रवार को यहां बल्लेबाजी नहीं की जिससे टीएनसीए एकादश ने मुंबई को 286 रन से हराकर बुची बाबू आमंत्रण टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मुंबई की टीम 510 रन के असंभव लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे दिन महज 223 रन पर सिमट गयी जिसमें शम्स मुलानी ने 68 रन बनाये। टीएनसीए एकादश के लिए सी ए अच्युत और आर साई किशोर ने तीन तीन विकेट झटके।

दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे सूर्या

भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान सूर्यकुमार ने अपने हाथ में लगी चोट के कारण बल्लेबाजी नहीं की। हालांकि पता चला है कि यह चोट गंभीर नहीं है क्योंकि वह मुकाबले के बाद ठीक दिख रहे थे और शायद ऐहतियात के तौर पर उन्होंने आराम करने का फैसला किया। मुंबई ने रात के बिना विकेट गंवाये छह रन से खेलना शुरू किया। मुशीर खान (40) और दिव्यांश सक्सेना (26) ने पहले विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी निभायी। इस भागीदारी का अंत आर सोनू यादव ने दिव्यांश को आउट करके किया।

बड़ी साझेदारी करने में नाकाम रहे मुंबई के बल्लेबाज

इसके बाद मुंबई के बल्लेबाज कोई भी बड़ी साझेदारी नहीं बना सके। टीम के लिए 40 से ज्यादा रन की सिर्फ दो भागीदारियां बनीं। श्रेयस अय्यर (22) और सिद्धांत आधाथरााव (28) ने तीसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़े। मुंबई के कप्तान सरफराज ने चार गेंद खेलकर शून्य पर आउट हुए।

शम्स मुलानी ने खेली 68 रन की पारी

बाद में मुलानी (68) और मोहित अवस्थी (नाबाद शून्य) ने नौवें विकेट के लिए 46 रन जोड़े। मुलानी ने 96 गेंद की पारी में छह चौके और दो छक्के जड़े। मुलानी आउट होने वाले नौवें खिलाड़ी रहे। मुंबई की टीम में शामिल भारतीय स्टार खिलाड़ी पहली पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर सके थे। अय्यर ने दो, सूर्यकुमार ने 30 और सरफराज ने छह रन बनाये थे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article