क्रिकेट

देवजीत सैकिया ने मोहसिन नकवी से मुलाकात के बाद दिया एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर बड़ा बयान

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया है पाकिस्तान के साथ एशिया कप ट्रॉफी विवाद को सुलझाने के लिए विकल्पों पर काम चल रहा है। उन्होंने पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के साथ मुलाकात के बाद बड़ा बयान दिया है।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम

Photo : AP

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने दुबई में आईसीसी की बैठक के इतर पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से मुलाकात के बाद पीटीआई को बताया कि भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट बोर्ड एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर गतिरोध दूर करने में कामयाब रहे हैं और आने वाले दिनों में इसका कोई उचित समाधान निकालने की दिशा में काम किया जाएगा।

नकवी एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने भारत को एशिया कप ट्रॉफी नहीं सौंपी क्योंकि विजेता भारतीय टीम ने उनके भारत विरोधी रवैए के कारण उनसे ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने 28 सितंबर को दुबई में हुए टी20 टूर्नामेंट के फाइनल में पाकिस्तान को हराया था। सैकिया ने शनिवार को पीटीआई से कहा,'मैं आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) की अनौपचारिक और औपचारिक दोनों बैठकों का हिस्सा था। पीसीबी (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) अध्यक्ष मोहसिन नकवी भी मौजूद थे। औपचारिक बैठक के दौरान यह एजेंडा में नहीं था, लेकिन आईसीसी ने अपने एक सीनियर पदाधिकारी और एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी में मेरी और पीसीबी प्रमुख के बीच अलग से बैठक कराई।'

उन्होंने कहा,'बातचीत की प्रक्रिया शुरू करना वाकई अच्छा रहा। दोनों पक्षों ने आईसीसी बोर्ड बैठक के दौरान हुई बैठक में सौहार्दपूर्ण ढंग से भाग लिया।' सैकिया ने आश्वासन दिया कि जल्द ही समाधान निकाल लिया जाएगा। ट्रॉफी दुबई स्थित एसीसी मुख्यालय में रखी हुई है और वहां के कर्मचारियों को नक़वी ने निर्देश दिया है कि उनकी अनुमति के बिना इसे कहीं और नहीं ले जाया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि भारतीयों को यह सर्वोच्च पुरस्कार उनसे ही स्वीकार करना होगा।

बीसीसीआई के सचिव ने कहा,'दोनों पक्ष जल्द से जल्द इस मुद्दे को सुलझाने के लिए कुछ न कुछ करेंगे। अब गतिरोध दूर हो चुका है इसलिए विभिन्न विकल्पों पर काम किया जाएगा। दूसरे पक्ष के पास भी विकल्प होंगे और हम इस मुद्दे को सुलझाने और सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने के विकल्प भी देंगे।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article