क्रिकेट

Ashes 2025: रिकी पोंटिंग ने खोला 'बैजबॉल' का राज, बोले- 'केवल एशेज के लिए हुआ इसका जन्म'

Ricky Ponting on Bazball: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने तर्क दिया है कि इंग्लैंड का बैजबॉल रवैया खासतौर पर ऑस्ट्रेलिया में एशेज जीतने के लिए डिजाइन किया गया था। दोनों देशों के बीच 21 नवंबर से एशेज सीरीज की शुरुआत होने जा रही है।

Image

रिकी पोंटिंग (फोटो- ICC)

Ricky Ponting on Bazball: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने एक बड़ा बयान देते हुए तर्क दिया है कि इंग्लैंड का आक्रामक 'बैजबॉल' रवैया विशेष रूप से ऑस्ट्रेलिया की धरती पर एशेज सीरीज जीतने के लिए तैयार किया गया था। दोनों देशों के बीच एशेज सीरीज की शुरुआत 21 नवंबर से होने जा रही है।

बैजबॉल है ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों के लिए खास रणनीति

रिकी पोंटिंग ने '7न्यूज' को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि कोच ब्रेंडन मैकुलम और कप्तान बेन स्टोक्स के नेतृत्व में इंग्लैंड की यह आक्रामक शैली हमेशा ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में महारत हासिल करने पर केंद्रित रही है।पोंटिंग ने अपनी बात पर ज़ोर देते हुए कहा, "वह एक ऐसी टीम है, जो दो साल (2023 एशेज के बाद से) से एक साथ है। वह एशेज की तैयारी कर रहे हैं। मैं ब्रेंडन को अच्छी तरह जानता हूं, बैजबॉल सिर्फ इसी एक सीरीज के लिए डिजाइन किया गया था।"

उन्होंने इंग्लैंड की पिछली सफलताओं को नज़रअंदाज़ करते हुए कहा, "पिछले दो वर्षों में जो कुछ भी हुआ, उसे भूल जाइए। यह सब एक टीम को एकजुट करने और एक ऐसी खेल शैली को लेकर था, जो ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट मैच जीत सके। उन्होंने पिछले 25 वर्षों में ऐसा सिर्फ चार बार किया है। इस सीरीज में उन्हें कम से कम तीन मैच जीतने होंगे, इसलिए मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि वे कैसा खेलते हैं।"

आक्रामक रुख बरकरार रखने की उम्मीद

पोंटिंग को उम्मीद है कि इंग्लैंड पूरी गर्मी में अपना यही आक्रामक रुख जारी रखेगा। 2023 एशेज की शुरुआत में ही इंग्लैंड के इरादे स्पष्ट हो गए थे, जब ऑस्ट्रेलिया ने एजबेस्टन में शुरुआती ओवरों के लिए डीप बैकवर्ड प्वाइंट तैनात किया था, लेकिन इसके बावजूद जैक क्रॉली ने कवर के ऊपर से चौका जड़ दिया था।

पूर्व कप्तान ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि वे बदलेंगे। मैंने पिछले दो वर्षों में उन्हें काफी देखा है। मुझे पता है कि वे उसी तरह खेलेंगे। बेन डकेट और जैक क्रॉली उसी तरह खेलेंगे जैसे वे हमेशा से खेलते आए हैं।उन्होंने आगे इंग्लैंड की संभावित रणनीति बताते हुए कहा, "अगर वे ऐसा कर सकते हैं, तो इंग्लैंड टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनेगा और चौथी पारी में विपक्षी टीम की पहली पारी से ज्यादा रन बनाने के लिए खुद पर भरोसा करेगा।"

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article