नई दिल्ली: रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम (India Cricket team) को तीन महीने में दो बड़ी शिकस्त झेलनी पड़ी। भारतीय टीम पहले एशिया कप के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी और फिर टी20 वर्ल्ड कप 2022 (T20 World Cup 2022) के सेमीफाइनल में उसका सफर समाप्त हुआ। भारत को इंग्लैंड (England Cricket team) के हाथों 10 विकेट की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। हार ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि भारतीय टीम की पावरप्ले में सोच बेहद नकारात्मक रही।
भारत ने नीदरलैंड्स के खिलाफ पहले 6 ओवर में 46 रन बनाए थे, जो उसका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। भारतीय टीम पर आरोप लगे कि वो आक्रामक ब्रांड को नहीं अपना सकी है। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अतुल वासन का मानना है कि रोहित शर्मा 35 साल के हो चुके हैं और अगला टी20 वर्ल्ड कप दो साल बाद है तो टीम को बदलाव की जरूरत है। वासन ने हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत को कप्तानी का दावेदार बताते हुए भारतीय टी20 टीम के नए युग की शुरूआत की उम्मीद जताई।
अतुल वासन ने एबीपी न्यूज से बातचीत में कहा, 'हां मुझे लगता है कि रोहित शर्मा का टी20 में बतौर कप्तान समय पूरा हो गया है। आप हमेशा दो वर्ल्ड कप के बीच की योजना बनाते हैं और मुझे नहीं लगता कि भारतीय टीम को उन्हें कप्तान के रूप में बरकरार रखकर कुछ फायदा मिलने वाला है। हमें इस तरह के निवेश पर कुछ वापस नहीं मिलना है। आपके सामने दो विकल्प हैं- हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत। मैं अब भी विश्वास नहीं कर पा रहा हूं कि असल में हुआ क्या। लगा कि भारत ने एडिलेड में बल्लेबाजी की और इंग्लैंड ने शारजाह में।'
अतुल वासन ने भारतीय टीम पर भी भड़ास निकालते हुए कहा कि उन्होंने लड़ाई नहीं की। वासन का मानना है कि इंग्लैंड की जीत बहस का विषय नहीं है, लेकिन भारत का इस तरह हारना चिंता की बात है। वासन ने कप्तान रोहित शर्मा पर भड़ास निकालते हुए कहा कि भारतीय कप्तान ने अपने पर कोई जिम्मेदारी नहीं ली और सभी फैसले टीम प्रबंधन द्वारा लिए गए।
वासन ने कहा, 'हम दो स्तर के क्रिकेटर्स को देख सकते हैं। कम से कम कुछ तो होना चाहिए था। आपको कोई गलती नहीं खोज सके। मेरे ख्याल है कि आप कप्तानी पर आरोप नहीं लगा सकते हैं। टीम प्रबंधन ने सभी फैसले लिए थे। रोहित शर्मा ने कोई फैसला नहीं लिया। वो बस यही फैसला ले रहे थे कि मैदान में कहां छुपना है।'
