आईसीसी की मनमानी पर एसोसिएट नेशन ने उठाए सवाल, वनडे फॉर्मेट में जारी है बवाल

आईसीसी की मनमानी के खिलाफ एसोसिएट नेशन ने अपनी नराजगी व्यक्त की। उनकी नाराजगी वनडे वर्ल्ड कप के नए फॉर्मेट को लेकर है। उनके अनुसार ये बदलाव एसोसिएट सदस्य देशों के क्रिकेट के लिए झटका हैं और हाल के वर्षों में वैश्विक स्तर पर क्रिकेट के विस्तार के लिए किए गए प्रयासों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट संघ (केएनसीबी) ने अगले साल होने वाले आईसीसी पुरुष वनडे विश्व कप के फॉर्मेट में किए गए बदलावों की कड़ी आलोचना करते हुए सोमवार को कहा कि ये बदलाव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को कमजोर करने का जोखिम पैदा करते हैं। दोनों बोर्ड ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि इतने बड़े बदलाव किस प्रक्रिया के तहत लागू किए गए। नए फॉर्मेट के अनुसार 2027 वनडे विश्व कप में कुल 14 टीम हिस्सा लेंगी। हालांकि, रैंकिंग में 12वें, 13वें और 14वें स्थान पर रहने वाली टीम के बीच पहले एक क्वालीफाइंग लीग खेला जाएगा जिसमें से केवल एक टीम मुख्य प्रतियोगिता में पहुंचेगी। इसके बाद कुल 12 टीम को छह-छह टीम के दो ग्रुप में बांटकर मुख्य दौर आयोजित किया जाएगा।

SCOTLAND CRICKET

स्कॉटलैंड क्रिकेट (साभार-X)

क्रिकेट के विस्तार में होगी बाधा

दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट से 18 महीने से भी कम समय पहले फॉर्मेट में बदलाव किए जाने पर दोनों क्रिकेट बोर्ड ने संयुक्त बयान जारी कर आईसीसी के फैसले पर नाराजगी जताई। संयुक्त बयान में कहा गया, ’’क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट संघ आईसीसी द्वारा पुरुष 50 ओवर विश्व कप के क्वालीफिकेशन मार्ग और टूर्नामेंट फॉर्मेट में इतने बड़े बदलाव किए जाने से बेहद निराश हैं। ’’ बयान में आगे कहा गया कि ये बदलाव एसोसिएट सदस्य देशों के क्रिकेट के लिए झटका हैं और हाल के वर्षों में वैश्विक स्तर पर क्रिकेट के विस्तार के लिए किए गए प्रयासों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

End of Feed