पिता के नक्शे कदम पर चले अर्जुन तेंदुलकर, जड़ा रणजी डेब्यू में सैकड़ा

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 14, 2022, 03:07 PM IST

अर्जुन तेंदुलकर ने गोवा के लिए खेलते हुए राजस्थान के खिलाफ रणजी डेब्यू में शतक जड़कर पिता सचिन तेंदुलकर के क्लब में शामिल हो गए हैं। 34 साल पहले सचिन तेंदुलकर ने गुजरात के खिलाफ डेब्यू मैच में शतक जड़ा था।

नई दिल्ली: विश्व क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने रणजी ट्रॉफी में अपने करियर की शुरुआत शतक के साथ की थी। ऐसा ही उनके 23 वर्षीय पुत्र अर्जुन तेंदुलकर ने कर दिखाया है। अर्जुन तेंदुलकर ने राजस्थान के खिलाफ गोवा के पोरवोरिम में खेले जा रहे ग्रुप सी के मुकाबले में 178 गेंद में शानदार सैकड़ा जड़ा। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और 2 छक्के जड़े।

Arjun-Tendulkar

अर्जुन तेंदुलकर

सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए जड़ा शतक

सातवें पायदान पर बल्लेबाजी करने आए अर्जुन तेंदुलकर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 34 साल पहले साल 1988 में गुजरात के खिलाफ पिता सचिन द्वारा किए कारनामे को दोहरा दिया। सचिन ने गुजरात के खिलाफ पहली पारी में वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चौथे पायदान पर बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 100 रन बनाए थे। उसके बाद उन्होंने दलीप ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी में शतक जड़ने का अनोखा कारनामा किया था।

गोवा के लिए खेलते हुए बदली तकदीर

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन का साथ छोड़कर नए सीजन में गोवा की टीम का दामन थामने वाले अर्जुन अपनी चमक बिखेरने में सफल रहे हैं। विजय हजारे ट्रॉफी में अपने गेंदबाजी प्रदर्शन से अर्जुन ने प्रभावित किया था। लेकिन अब अब प्रथम श्रेणी करियर का आगाज उन्होंने बल्ले से धमाल मचाते हुए किया है। खबर लिखे जाने तक अर्जुन 195 गेंद में 112 रन बनाकर नाबाद हैं और उनकी टीम ने 140 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 410 रन बना लिए हैं।

End of Feed