क्रिकेट

आचार संहिता का किया उल्लंघन, आईसीसी ने किया अफगानिस्तान के बल्लेबाज पर जुर्माना

अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान पर आईसीसी ने आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में जुर्माना लगाया है। जानिए क्या है पूरा मामला?

Image

इब्राहिम जादरान (फोटो क्रेडिट ICC)

अबुधाबी: बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में 3-0 के अंतर से जीत दर्ज करने के बाद अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान पर आईसीसी ने आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में जुर्माना लगाया है। अबुधाबी में खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में ICC आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। जो कि अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण के दुरुपयोग से संबंधित है। आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए उनके ऊपर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उनके खाते में एक डिमैरिट अंक भी जोड़ा गया है।

मैच के दौरान अफगानिस्तान की पारी के 37वें ओवर में इब्राहिम जादरान आउट होने के बाद पवेलियन लौटते वक्त ड्रेसिंग रूम के करीब कुछ उपकरणों से टकरा गए थे। इसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। जादरान 95 रन बनाकर आउट हुए लगातार दूसरे मैच में शतक से चूक गए।इब्राहिम ने अपराध स्वीकार कर लिया है और एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी ग्रीम ला ब्रूय द्वारा प्रस्तावित दंड को स्वीकार कर लिया है, जिससे औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं रह गई।

मैच में अफगानिस्तान ने 9 विकेट पर 293 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद बांग्लादेश की टीम को 93 रन पर 27.1 ओवर में ढेर करके मैच 200 रन के अंतर से अपने नाम कर लिया। सीरीज में 3 मैच में 213 रन बनाने वाले इब्राहिम जादरान को प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article