मेलबर्न: इंग्लैंड (England Cricket team) के लेग स्पिनर आदिल राशिद (Adil Rashid) ने रविवार को टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) के फाइनल में पाकिस्तान (Pakistan Cricket team) के खिलाफ विकेट मेडन ओवर डाला और गेंदबाजों के दुर्लभ क्लब से जुड़ गए हैं।
राशिद दुनिया के चौथे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में विकेट मेडन ओवर डाला है। इससे पहले पाकिस्तान के मोहम्मद आमिर (2009), श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज (2012) और वेस्टइंडीज के सैमुअल बद्री (2016) यह कमाल कर चुके हैं।
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में विकेट मेडन ओवर डालने वाले गेंदबाज
- 2009 - मोहम्मद आमिर
- 2012 - एंजेलो मैथ्यूज
- 2016 - सैमुअल बद्री
- 2022 - आदिल राशिद
आदिल राशिद ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर पाकिस्तान की पारी का 12वें ओवर की पहली गेंद पर बाबर आजम को आउट किया। राशिद ने अपनी गेंद पर बाबर आजम का कैच पकड़ा। उन्होंने इसके बाद अगली पांच गेंदों पर दूसरे बल्लेबाज को रन नहीं बनाने दिया और इस तरह विकेट मेडन ओवर पूरा किया। बता दें कि इससे पहले पारी के आठवें ओवर में राशिद ने मोहम्मद हैरिस को स्टोक्स के हाथों कैच आउट कराया था।
बता दें कि पाकिस्तान का टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। इंग्लैंड के गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 137 रन बना सकी। पाकिस्तान के केवल चार बल्लेबाज ही दहाई संख्या में रन बना सके। बहरहाल, इंग्लैंड की गेंदबाजी के हीरो सैम करन रहे। करन ने 4 ओवर में केवल 12 रन देकर तीन विकेट लिए। राशिद के अलावा क्रिस जॉर्डन को भी दो विकेट मिले। बेन स्टोक्स के खाते में एक विकेट आया।
