क्रिकेट

IND vs NZ Final: गंभीर और सूर्या के भरोसे पर खरे उतरे अभिषेक, पावरप्ले में ही रच दिया इतिहास

IND vs NZ Final: अभिषेक शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में इतिहास रच दिया। लगातार फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक को फाइनल में खेलने का मौका मिला और उन्होंने कोच और कप्तान को निराश नहीं किया। अर्धशतकीय पारी खेलने वाले अभिषेक ने नॉकआउट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Image

अभिषेक शर्मा (साभार-X)

IND vs NZ Final: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले क्या फैंस और क्या क्रिकेट के पंडित सब इस बात पर अड़े थे कि अभिषेक को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलनी चाहिए, लेकिन कोच गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने खिलाड़ियों पर भरोसा कायम रखा और बिना किसी बदलाव के फाइनल में उतरी। कप्तान सूर्या के इस भरोसे को अभिषेक शर्मा ने टूटने नहीं दिया। पहले दो ओवर संभलकर बल्लेबाजी करने वाले अभिषेक ने जल्द ही अपना रौद्र रूप दिखाया और टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट मैच का सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया।

नॉकआउट में जड़ा सबसे तेज अर्धशतक

अभिषेक शर्मा ने पावरप्ले के आखिरी ओवर की 5वीं गेंद पर जेकब डफी की गेंद पर चौका जड़कर इस वर्ल्ड कप में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने केवल 18 गेंद में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से अपनी फिफ्टी पूरी की और न्यूजीलैंड के फिन एलन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। फिन एलन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 21 गेंद में अर्धशतक जड़ा था जो टी20 नॉकआउट में सबसे तेज अर्धशतकीय पारी थी। अब यह रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा ने अपने नाम कर लिया है। हालांकि, वह ज्यादा देर नहीं टिक पाए और 21 गेंद में 52 रन बनाकर आउट हो गए। अभिषेक ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 17.63 की औसत से 141 रन बनाए और उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 55 रन रहा जो उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ जड़ा था।

संजू के साथ की रिकॉर्ड साझेदारी

अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पहले विकेट के लिए 43 गेंद में 98 रन की साझेदारी की। दोनों ने पावरप्ले में 92 रन जोड़े जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर है। इतना ही नहीं यह किसी भी टीम द्वारा पहली 50 या इससे ज्यादा रन की साझेदारी है। इससे पहले सबसे बड़ी साझेदारी 2009 में लॉर्ड्स में श्रीलंका के खिलाफ कामरान अकमल और शाहजैब हसन के बीच हुई थी जिन्होंने 48 रन जोड़े थे।

इससे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनेर ने रविवार टी20 विश्व कप के फाइनल में टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। भारत ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया। न्यूजीलैंड ने कोल मैकोंची की जगह जैक डफी को अंतिम एकादश में जगह दी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article