Virat Kohli vs Sachin Tendulkar: एबी डिविलियर्स और विराट कोहली के बीच गहरी दोस्ती जगजाहिर है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए वर्षों तक साथ खेलने वाले ये दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के बीच की बॉन्डिंग मैदान के बाहर भी उतनी ही मजबूत रही है। लेकिन हाल ही में एक पॉडकास्ट में जब डिविलियर्स को सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली में से किसी एक को चुनने को कहा गया, तो स्थिति थोड़ी पेचीदा हो गई।
सचिन तेंदुलकर विराट कोहली (फोटो- BCCI)
शुभंकर मिश्रा के यूट्यूब पॉडकास्ट पर एक रैपिड-फायर राउंड के दौरान डिविलियर्स से पूछा गया कि वो 'महान' सचिन तेंदुलकर और 'महान' विराट कोहली में से किसे चुनेंगे। शुरुआत में डिविलियर्स ने इस सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया और कहा कि "क्या तुलना संभव है? अलग-अलग पीढ़ियों के खिलाड़ियों की तुलना नहीं की जा सकती। दोनों ही अपने युग के महान खिलाड़ी रहे हैं।"
तेंदुलकर को बताया आदर्श, विराट को बताया दोस्त
डिविलियर्स ने बताया कि जब वो युवा थे, तब सचिन तेंदुलकर उनके आदर्श थे। लेकिन विराट कोहली उनके दोस्त हैं, जिससे यह चयन और भी मुश्किल हो गया। उन्होंने कहा:"मुझे सचिन के प्रति काफी सम्मान है। वे जमीन से जुड़े हुए इंसान हैं और मैं उन्हें आदर्श के रूप में देखता था। लेकिन विराट मेरा दोस्त है, इसलिए फैसला करना बेहद कठिन है।"इसके साथ उन्होंने यह भी जोड़ा कि, "विराट कोहली सभी फॉर्मेट्स में महान खिलाड़ी हैं, जबकि सचिन टेस्ट और वनडे जैसे लंबे फॉर्मेट्स के बादशाह थे।"
सबसे खतरनाक गेंदबाज कौन? डिविलियर्स का खुलासा
पॉडकास्ट के दौरान डिविलियर्स से यह भी पूछा गया कि उन्होंने अपने करियर में सबसे कठिन गेंदबाज कौन सा पाया। इस पर डिविलियर्स ने बिना झिझक जवाब दिया जसप्रीत बुमराह। उन्होंने कहा कि "वो सबसे बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं जिनके खिलाफ मैंने खेला है। हालांकि उन्होंने मुझे ज्यादा परेशान नहीं किया, लेकिन जब मैं उनसे खेला, वो अपने चरम पर थे।"
WCL 2025 में एबी डिविलियर्स का जलवा
वर्ल्ड चैंपियंस लीग (WCL) 2025 में डिविलियर्स ने एक बार फिर दिखा दिया कि उनका बल्ला अभी भी आग उगल सकता है। साउथ अफ्रीका चैम्पियंस की कप्तानी करते हुए उन्होंने टीम को टूर्नामेंट का खिताब जिताया। फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 60 गेंदों में 120 रन की विस्फोटक पारी खेलकर उन्होंने सभी को चौंका दिया।पूरे टूर्नामेंट में डिविलियर्स ने 6 पारियों में 431 रन बनाए, जिनका औसत 143.67 और स्ट्राइक रेट 221.03 रहा। उन्होंने तीन शानदार शतक भी लगाए, जिससे एक बार फिर से यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं।
