BWF World Championships 2023: सेमीफाइनल में एचएस प्रणॉय को मिली हार, कांस्य पदक के साथ खत्म हुआ विश्व चैंपियनशिप में सफर

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Aug 26, 2023, 10:28 PM IST

भारत के एचएस प्रणॉय को बीडब्लूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में थाईलैंड के खिलाड़ी कुन्लावुट वितिसार्न के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। उनका विश्व विजय का सपना इसके साथ ही समाप्त हो गया।

कोपनहेगन: भारत के 31 वर्षीय एचएस प्रणॉय को थाइलैंड के 22 वर्षीय कुन्लावुट वितिसार्न के खिलाफ सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही उनका वर्ल्ड चैंपियन बनने का सपना चकनाचूर हो गया। विक्टर एक्सेलसेन को क्वार्टर फाइनल में करारी मात देकर सेमीफाइनल में पहुंचे प्रणॉय अपने उस फॉर्म को थाई खिलाड़ी के खिलाफ बरकरार नहीं रख सके। उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। प्रणॉय ने सेमीफाइनल मुकाबले में शानदार शुरुआत की और 21-18 के अंतर से पहले गेम अपने नाम कर लिया। इसके बाद दूसरे गेम में वितिसार्न ने शानदार वापसी करते हुए 13-21 के अंतर से जीत दर्ज हासिल करके मैच में वापसी कर ली। ऐसे में तीसरे गेम में हार जीत का फैसला हुआ। जिसे वितिसार्न ने 14-21 के अंतर से अपने नाम कर लिया।

HS Prannoy

एचएस प्रणॉय

लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचे वितिसार्न

वितिसार्न केंटो मोमोटा के बाद लगातार दो बार वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे खिलाड़ी बने हैं। जापान के मोमोटा साल 2018 और 2019 में लगातार दो बार वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचे थे। पिछले साल वितिसार्न को फाइनल में हार का मुंह देखना पड़ा था। उनके खाते में सिल्वर मेडल गया था। इस बार उसे गोल्ड में तब्दील करने का उनका पास शानदार मौका है।

End of Feed