स्पोर्ट्स

BWF World Championship 2025: क्वार्टर फाइनल में पहुंची पीवी सिंधू और ध्रुव कपिला-तनिषा क्रैस्टो की जोड़ी

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पेरिस में चल रही बीडब्लूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। वहीं ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स ने भी क्वार्टर फाइनल में एंट्री कर ली है।

Image

पीवी सिंधू, ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो (फोटो क्रेडिट BAI Media X)

पेरिस: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को पेरिस में विश्व की दूसरे नंबर की खिलाड़ी चीन की वांग झी यी को 21-19, 21-15 से हराकर बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। बासेल में 2019 में विश्व खिताब जीतने वाली विश्व में 15वीं रैंकिंग की सिंधू को प्री-क्वार्टर फाइनल में जीत हासिल करने के लिए 48 मिनट का समय लगा। इससे उन्होंने चीनी खिलाड़ी के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 3-2 कर लिया। क्वार्टर फाइनल में 30 वर्षीय सिंधू का सामना इंडोनेशिया की विश्व की नौवें नंबर की खिलाड़ी पुत्री कुसुमा वर्दानी से होगा। इंडोनेशिया की खिलाड़ी ने इस साल की शुरुआत में सुदीरमन कप में सिंधू को सीधे गेम में हराया था, हालांकि भारतीय खिलाड़ी ने 2022 में एशियाई खेलों के दूसरे दौर के मुकाबले में जीत हासिल की थी।

चीनी खिलाड़ियों के खिलाफ सिंधू ने जारी रखा दबदबा

पांच बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता सिंधू ने शानदार शुरुआत की और तेज स्मैश और नेट विनर की मदद से इंटरवल तक 11-6 की बढ़त बना ली। वांग ने जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 19-19 कर दिया, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य बनाए रखते हुए पहला गेम अपने नाम कर दिया। दूसरे गेम में सिंधू ने दबाव बनाए रखा और ब्रेक तक एक बार फिर 11-6 की बढ़त बना ली। इसके बाद 57 शॉट तक चली रैली ने कुछ समय के लिए उनकी परीक्षा ली, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपना आक्रामक रवैया बरकरार रखा और मैच जीतने में सफल रहीं। सिंधू ने इस प्रकार विश्व चैंपियनशिप में चीन की खिलाड़ियों के खिलाफ अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। इससे पहले उन्होंने वांग यिहान (2013), वांग शिक्सियन (2014), ली ज़ुएरुई (2015), सुन यू (2017) और चेन युफेई (2017 और 2019) को हराया था।

ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो की जोड़ी भी पहुंची क्वार्टर फाइनल में

भारत के ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स में हांगकांग की विश्व में पांचवें नंबर की जोड़ी तांग चुन मान और त्से यिंग सुएट को 63 मिनट तक चले मुकाबले में 19-21, 21-12, 21-15 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। भारतीय जोड़ी ने इससे पहले आयरलैंड के जोशुआ मैगी और मोया रयान को 35 मिनट में 21-11, 21-16 से हराया था। उन्होंने एक गेम से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए मौजूदा एशियाई चैंपियन जोड़ी को पराजित किया। तनिषा ने मैच के बाद कहा, 'कुछ महीने पहले हमारा प्रदर्शन थोड़ा खराब रहा था। मुझे लगता है कि हम साथ मिलकर, कदम दर कदम, धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं। आज हमने जिस तरह का खेल दिखाया उससे मैं वाकई बहुत खुश हूं।' ध्रुव ने कहा,'साल की शुरुआत में हमारे लिए दो टूर्नामेंट अच्छे नहीं रहे। कोई तकनीकी समस्या नहीं थी, लेकिन सबसे अहम बात यह थी कि हम एक-दूसरे का साथ देते रहे और अच्छी तैयारी के साथ उतरे। इसका हमें पूरा फायदा मिला और आज हमने दमदार खेल दिखाया।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article