तेजस्विन शंकर ने जीता भारत के लिए राष्ट्रमंडल खेलों में हाई जंप में पहला पदक 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 4, 2022, 05:30 AM IST

भारत के तेजस्विन शंकर ने 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है।

तेजस्विन शंकर ने जीता भारत के लिए राष्ट्रमंडल खेलों में हाई जंप में पहला पदक 
Photo Credit: Twitter

बर्मिंघम: 22वें राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय दल में आखिरी समय में शामिल किए गए तेजस्विन शंकर ने बुधवार को इतिहास रच दिया। लेकिन वो मौजूदा खेलों में भारत के लिए ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इस दौरान उन्होंने वो कारनामा कर दिखाया जो उनसे पहले राष्ट्रमंडल खेलों में और कोई भारतीय नहीं कर सका। 

लगाई 2.22 मीटर ऊंची छलांग
तेजस्विन शंकर भारत के लिए राष्ट्रमंडल खेलों में ऊंची कूद स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। वो 2.22 मीटर ऊंची छलांग लगाकर तीसरे स्थान पर रहे और कांस्य पदक अपने नाम किया। स्पर्धा का गोल्ड न्यूजीलैंड के हमिश केर के नाम रहा। केर 2.25 मीटर ऊंची छलांग लगाकर पहले और ऑस्ट्रेलिया के ब्रेंडन स्टार्क भी इतनी ही ऊंची छलांग लगाकर दूसरे पायदान पर रहे।

मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले 23 वर्षीय तेजस्विन शंकर कांस्य पदक जीतने वाले प्रयास के दौरान अपने सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन की बराबरी नहीं कर सके। उन्होंने साल 2018 में 2.29 मीटर ऊंची छलांग लगातार राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया था। 

गोल्ड कोस्ट में रहे थे छठे स्थान पर
साल 2018 में गोल्डकोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में शंकर छठे पायदान पर रहे थे। उन्होंने इन खेलों के लिए क्वालीफाई करने के दौरान अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को बेहतर किया था। बुधवार को तेजस्विन शंकर ने अपने आखिरी प्रयास के दौरान 2.28 मीटर ऊंची छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश की लेकिन वो नाकाम रहे और उन्हें अंतत: महज 0.03 के अंतर से कांस्य पदक के साथ संतोष करना पड़ा।  

End of Article