अर्जुन काधे-सिद्धांत बंथिया की भारतीय जोड़ी ने कटाया ऑस्ट्रेलियाई ओपन 2027 का टिकट, मिला वाइल्ड कार्ड

अर्जुन काधे और सिद्धांत बंथिया की भारतीय जोड़ी ने एशिया-पैसिफिक वाइल्ड कार्ड प्लेऑफ में जीत दर्ज करके साल 2027 के ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष युगल के मुख्य ड्रॉ में अपनी जगह पक्की कर ली।

चेंगडू: भारत के अर्जुन काधे और सिद्धांत बंथिया ने शुक्रवार को एशिया-पैसिफिक वाइल्ड कार्ड प्लेऑफ जीतकर 2027 ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष युगल के मुख्य ड्रॉ में जगह बना ली। भारत की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने प्लेऑफ के फाइनल में जापान के काइटो उएसुगी और ताकेरू युजुकी की शीर्ष वरीय जोड़ी को 7-6 (4), 6-4 से हराकर अगले सत्र के पहले ग्रैंडस्लैम में अपना स्थान पक्का किया।

पहली बार ग्रैंडस्लैम में खेलेंगे बंथिया, मुख्य ड्रॉ में खेलेंगे काथे

इस जीत के साथ बंथिया पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के मुख्य ड्रॉ में खेलेंगे जबकि काधे पहली बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन के मुख्य ड्रॉ में हिस्सा लेंगे। भारतीय जोड़ी ने इससे पहले सेमीफाइनल में थाईलैंड के प्रुच्या इसारो और उज्बेकिस्तान के खुमोयुन सुल्तानोव की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 6-3, 6-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

विश्व रैंकिंग में इस मुकाम पर हैं दोनों खिलाड़ी

पच्चीस वर्षीय बंथिया ने इस साल 21 सितंबर को एटीपी युगल में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 115वीं रैंकिंग हासिल की थी। वह फिलहाल विश्व रैंकिंग में 125वें स्थान पर हैं और भारत के पांचवीं रैंकिंग के युगल खिलाड़ी हैं। उनसे आगे युकी भांबरी (47), एन श्रीराम बालाजी (50), निकी पूनाचा (73) और अनिरुद्ध चंद्रशेखर (110) हैं।

भारत के छठे नंबर के खिलाड़ी काधे विश्व रैंकिंग में 149वें स्थान पर हैं। उन्हें 2025 में विम्बलडन और अमेरिकी ओपन में खेलने का अनुभव है, हालांकि दोनों टूर्नामेंट में वह पहले दौर में ही बाहर हो गए थे। ऑस्ट्रेलियाई ओपन 17 से 31 जनवरी तक मेलबर्न में आयोजित होगा।

End Article
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रका...

End of Feed