अध्यात्म

Kashi Dev Diwali Celebration: मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण की कहानी, काशी में 3D लेजर शो से भक्त सुनेंगे देव दिवाली की कथा

  • Authored by: शिवम पांडे
  • Updated Nov 6, 2022, 09:09 AM IST

Dev Diwali in Kashi: अयोध्या की देव दिवाली के बाद अब काशी के घाट देव दिवाली के लिए तैयार हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संकल्प से काशी की देव दीपावली इस साल भी भव्यतम रूप में मनायी जाएगी। जानिए काशी में क्या है इस साल देव दिवाली के लिए तैयारी।

Image

Dev Diwali Celebration

KEY HIGHLIGHTS
  • देव दीपावली की कथा व भगवान शिव के लेजर शो के जरिए पर्यटक सुनेंगे भजन
  • 250 से अधिक लोगों की टीम और 20 लेजर प्रोजेक्टर के जरिए होगा शो
  • अयोध्या के दीपोत्सव के बाद अब काशी की देव दीपावली को सीएम योगी बना रहे भव्य

Dev Diwali Celebration in Kashi: अयोध्या के दीपोत्सव के बाद काशी की देव दीपावली इस साल भी भव्यतम रूप में मनायी जाएगी। इस साल पहली बार काशी के ऐतिहासिक घाट की दीवार पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम धर्म का व्याख्यान होगा। इसके जरिए काशी आने वाले पर्यटक मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण व देव दीपावली की कथा सुन सकेंगे। गंगा की गोद में लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो के माध्यम से भगवान शिव के भजन की प्रस्तुति भी होगी।

सात नवंबर को विश्व विख्यात देव दीपावली के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार काशी के धनुषाकार घाटों को 10 लाख दियों से रोशन करेगी। सरकार काशी के घाट पर पहली बार 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग लेजर शो आयोजित करा रही है। काशी के घाटों के किनारे सदियों से खड़ी ऐतिहासिक इमारतों पर धर्म की कहानी जीवंत होती दिखेंगी। वहीं गंगा की गोद में शिव भजनों का लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो भी आयोजित होगा। 20 मिनट का शो कई बार दिखाया जाएगा, जिसे सभी श्रद्धालु देख सकेंगे। इस शो का होगा आयोजन चेत सिंह घाट पर होगा।

20 लेजर प्रोजेक्टर के जरिए होगा शो

मॉडर्न स्टेज सर्विसेज के अनुभव गुप्ता के अनुसार पांच दिन के रिकॉर्ड समय में गंगा अवतरण, देव दीपावली की धार्मिक जानकारी और शिव भजनों के पांच-छह ट्रैक शूट करके के अंतिम रूप दिया गया है। घाट पर इंस्टॉल और शो को चलाने के लिए टेक्नीशियन व इंजीनियर मिलाकर करीब 250 से अधिक लोगों की टीम लगी है और इस शो का प्रोजेक्शन 20 लेजर प्रोजेक्टर के जरिए होगा। दर्शक इस शो को छह-सात दोनों दिन देख सकते हैं। घाट से गंगा की गोद में लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो भी होगा। ये टाइम कोड द्वारा प्रसारित होगा। संगीत के साथ लेजर और लाइट्स का अनूठा तालमेल देखने को मिलेगा।

होगी ग्रीन आतिशबाजी

अनुभव गुप्ता ने बताया कि इसमें प्रोग्रामिंग किया जाता है और ये ऑटो मोड पर चलता है। मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने बताया कि कि चेत सिंह घाट पर लेज़र शो शाम 7 बजे से 20 मिनट तक चलेगा। इसमें 3डी लेजर प्रोजेक्शन मैपिंग शो 12 मिनट का व लेजर लाइट एंड साउंड शो 8 मिनट का होगा, जो कुछ अंतराल में कई बार रिपीट होगा। जिससे देव दीपावली पर काशी आने वाले सभी पर्यटक देख सकें। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के सामने गंगा के उस पार रेत पर शाम 7 बजकर 40 मिनट से ग्रीन आतिशबाजी शुरू होगी।

शिवम पांडे
शिवम पांडेauthor

शिवम् पांडे सिनेमा के आलावा राजनीति, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय सम्बन्धों में खास रुचि है। पत्रकारिता में लगभग सात साल का अनुभव रखने वाले शिवम् पांडे बॉलीवुड की बारीकियों को समझते हैं। उसे नए अंदाज में पेश करने का माद्दा रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article