Jitiya (Jivitputrika) Vrat 2023 Date And Time In Hindi (जितिया व्रत कब है 2023): जितिया व्रत माताएं अपनी संतान की सुरक्षा और अच्छे स्वास्थ्य के लिए रखती हैं। ये व्रत हर साल आश्विन माह की कृष्ण पक्ष अष्टमी को पड़ता है। मुख्य रूप से ये पर्व बिहार, झारखण्ड और उत्तर प्रदेश में मनाया जाता है। ये बेहद कठिन व्रत माना जाता है क्योंकि इस व्रत में 24 घंटे से भी ज्यादा समय के लिए अन्न और जल कुछ भी ग्रहण नहीं किया जाता है। जानिए इस साल जितिया व्रत कब है और पूजा का क्या रहेगा शुभ मुहूर्त।
जितिया व्रत 2023 तिथि व मुहूर्त (Jitiya Vrat 2023 Date And Time)
जितिया यानि जीवित्पुत्रिका व्रत इस साल 6 अक्टूबर दिन शुक्रवार को पड़ेगा। जितिया अष्टमी तिथि का प्रारम्भ 6 अक्टूबर को 06:34 AM बजे होगा और जितिया अष्टमी की समाप्ति 7 अक्टूबर 2023 को 08:08 AM पर होगी।
जितिया व्रत कथा (Jitiya Vrat Katha)
पौराणिक कथा अनुसार महाभारत युद्ध के समय अपने पिता की मृत्यु के बाद अश्वत्थामा बेहद नाराज हुए। वो गुस्से में पांडवों के शिविर में घुस गए और उन्होंने देखा कि शिविर के अंदर उस वक्त 5 लोग सो रहे थे। अश्वत्थामा को लगा ये 5 पांडव हैं। अपने पिता की मृत्यु का बदला लेने के लिए उन्होंने उन पांचों को मार डाला। लेकिन असल में वह द्रौपदी की पांच संताने थी।
अर्जुन को जैसे ही द्रौपदी की संतानों की मृत्यु का समाचार मिला उन्होंने अश्वत्थामा को बंदी बना लिया और उनकी दिव्यमणि छीन ली। अब अश्वत्थामा का गुस्सा और भी ज्यादा बढ़ गया और उन्होंने बदला लेने के लिए अर्जुन के पुत्र अभिमन्यु की पत्नी उत्तरा के गर्भ में पल रहे बच्चे को नष्ट कर दिया।
लेकिन भगवान कृष्ण ने अपने पुण्य का फल उत्तरा की संतान को देकर उसे पुन: जीवित कर दिया। मर कर पुनः जीवित होने की वजह से उस बच्चे का नाम जीवित्पुत्रिका रखा गया। कहते हैं उसी समय से बच्चों की लंबी उम्र के लिए जितिया का व्रत रखे जाने की परंपरा शुरू हो गई।
