अध्यात्म

विवाद और भारी नुकसान का सामना कर सकते हैं इन 6 राशियों के लोग, 'सेनापति-राजकुमार' ने बनाया अर्धकेंद्र योग

Budh Mangal Ardhakendra Yog 2026: बुध और मंगल एक दूसरे से 45 डिग्री पर आ गए हैं। इससे दोनों ग्रहों के बीच अर्धकेंद्र योग का निर्माण हो गया है। यह योग कुछ राशि वालों को नुकसान दे सकता है।

Image

किन राशि वालों के लिए बुध-मंगल का अर्धकेंद्र योग शुभ नहीं रहेगा

Budh Mangal Ardhakendra Yog 2026: ग्रहों की चाल में आया छोटा सा बदलाव भी ज्योतिष में महत्वपूर्ण माना जाता है, खासकर तब जब दो तेज ग्रह एक-दूसरे के साथ तनावपूर्ण कोण बना रहे हों। 21 अगस्त 2026 की सुबह 10 बजकर 33 मिनट पर ग्रहों के राजकुमार बुध और ग्रहों के सेनापति मंगल एक-दूसरे से 45 डिग्री के कोण पर आ गए हैं। ज्योतिषीय दृष्टि से 45 डिग्री का यह संबंध अर्धकेंद्र योग की स्थिति बनाता है। इसे शुभ योग की श्रेणी में नहीं रखा जाता है। मौजूदा ग्रह स्थिति को देखें तो मंगल 2 अगस्त को मिथुन राशि में प्रवेश कर चुके हैं और 18 सितंबर तक इसी राशि में रहने वाले हैं। वहीं, बुध फिलहाल कर्क राशि में हैं और 22 अगस्त की शाम सिंह राशि में प्रवेश करेंगे।

बुध बुद्धि, वाणी, तर्क, गणना, व्यापार और संचार के कारक हैं, जबकि मंगल ऊर्जा, क्रोध, साहस, भूमि, तकनीकी क्षमता और आक्रामकता का प्रतिनिधित्व करते हैं। दोनों ग्रहों के बीच तनावपूर्ण कोण बनने पर बुद्धि और आवेग के बीच टकराव जैसी स्थिति बन सकती है। व्यक्ति सही बात जानने के बावजूद जल्दबाजी में फैसला कर सकता है। बातचीत में तीखापन, गलतफहमी, विवाद और जल्दबाजी में आर्थिक निर्णय जैसी स्थितियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि किन राशि वालों को इस दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

मिथुन राशि

मिथुन राशि के स्वामी बुध हैं और मंगल इसी राशि में गोचर कर रहे हैं। ऐसे में दोनों ग्रहों का तनावपूर्ण संबंध मिथुन राशि वालों के लिए सीधे तौर पर प्रभाव पैदा कर सकता है। बातचीत में तेजी और प्रतिक्रिया देने की प्रवृत्ति बढ़ सकती है। व्यक्ति बिना पूरी बात सुने जवाब दे सकता है। परिवार में विवाद, भाई-बहनों से मतभेद या किसी करीबी के साथ गलतफहमी संभव है। पैसों के मामले में भी जल्दबाजी नुकसान दे सकती है। ट्रेडिंग, सट्टा या बिना पूरी जानकारी के निवेश करने से बचना चाहिए। कारोबारी लोगों के लिए ग्राहक या पार्टनर से बातचीत करते समय लिखित रिकॉर्ड रखना बेहतर रहेगा।

उपाय: बुधवार को गणेश जी की पूजा करें और किसी विद्यार्थी को हरी स्टेशनरी दान करें।

कर्क राशि

कर्क राशि वालों के लिए यह अर्धकेंद्र योग खास सावधानी का संकेत दे रहा है। बुध आपकी राशि में हैं, जबकि मंगल 12वें भाव यानी खर्च और मानसिक दबाव वाले स्थान से प्रभाव डाल रहे हैं। इस स्थिति में सबसे बड़ी समस्या मन में चल रहे विचार और तुरंत प्रतिक्रिया देने की आदत बन सकती है। किसी करीबी से बातचीत में छोटी बात बड़ा विवाद बन सकती है। नौकरी में अधिकारी के साथ बहस, कारोबारी बातचीत में गलत शब्द का इस्तेमाल या जल्दबाजी में कोई आर्थिक फैसला नुकसान दे सकता है। खर्च भी अचानक बढ़ सकते हैं। विदेश, यात्रा या ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े मामलों में दस्तावेज और भुगतान की जानकारी दोबारा जांचना बेहतर रहेगा।

उपाय: बुधवार को गणेश जी को दूर्वा चढ़ाएं और बुधवार के दिन हरे मूंग का दान करें।

सिंह राशि

सिंह राशि वालों के लिए बुध 12वें भाव में हैं, जबकि मंगल 11वें भाव में स्थित हैं। अर्धकेंद्र योग की स्थिति आर्थिक फैसलों और सामाजिक संबंधों पर असर डाल सकती है। आमदनी के साथ खर्च बढ़ने की संभावना रहेगी। किसी मित्र या परिचित के कहने पर किया गया निवेश उम्मीद के मुताबिक परिणाम न दे तो परेशानी हो सकती है। ऑनलाइन पेमेंट, दस्तावेज और कारोबारी समझौते में विशेष सावधानी रखें। रिश्तों में भी एक समस्या यह हो सकती है कि व्यक्ति अपनी बात मनवाने के लिए जरूरत से ज्यादा आक्रामक हो जाए। सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देने से पहले भी सोच लेना बेहतर होगा।

उपाय: बुधवार को हरे फल या हरी सब्जियों का दान करें।

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि वालों के लिए मंगल आपकी राशि के स्वामी हैं। मंगल का मिथुन में होना और बुध के साथ तनावपूर्ण संबंध बनाना करियर और आर्थिक मामलों में जल्दबाजी की स्थिति पैदा कर सकता है। नौकरी में किसी वरिष्ठ अधिकारी से बहस हो सकती है। कारोबारी लोगों के लिए पार्टनरशिप और पैसों के लेनदेन में अतिरिक्त सावधानी जरूरी होगी। कोई पुराना विवाद दोबारा सामने आ सकता है। मंगल 8वें भाव से जुड़े मामलों को भी सक्रिय कर रहे हैं। अचानक खर्च, टैक्स, बीमा, कर्ज या साझा धन से जुड़े मामलों में कागजात अच्छी तरह जांच लें।

उपाय: मंगलवार को हनुमान मंदिर में सिंदूर और चमेली का तेल अर्पित करें।

धनु राशि

धनु राशि वालों के लिए मंगल 7वें भाव में हैं और बुध 8वें भाव में स्थित हैं। यह संयोजन रिश्तों और साझा आर्थिक मामलों में सावधानी की मांग करता है।

जीवनसाथी के साथ छोटी बात पर बहस बढ़ सकती है। बिजनेस पार्टनर के साथ किसी निर्णय को लेकर मतभेद संभव है। खास तौर पर पैसे, संपत्ति या जिम्मेदारियों को लेकर बातचीत करते समय भावनाओं से ज्यादा तथ्यों पर ध्यान देना चाहिए। अचानक कोई ऐसा फैसला न लें जिसका असर लंबे समय तक भुगतना पड़े। विवाह संबंधी बातचीत में भी जल्द निष्कर्ष निकालने से बचना बेहतर होगा।

उपाय: बुधवार को भगवान गणेश को दूर्वा अर्पित करें और मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ करें।

मकर राशि

मकर राशि वालों के लिए मंगल छठे भाव में और बुध सातवें भाव में हैं। यह स्थिति नौकरी, प्रतियोगिता, कर्ज और साझेदारी से जुड़े मामलों को सक्रिय कर सकती है। कार्यस्थल पर विरोधी सक्रिय हो सकते हैं। कोई सहकर्मी आपकी बात को गलत तरीके से पेश कर सकता है। बहस में पड़ने के बजाय अपने काम और दस्तावेज को मजबूत रखना ज्यादा फायदेमंद होगा। बिजनेस पार्टनर के साथ बातचीत में भी कठोर भाषा से बचें। स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यधिक तनाव, अनियमित दिनचर्या और जल्दबाजी से बचना जरूरी है।

उपाय: मंगलवार को जरूरतमंद व्यक्ति को मसूर की दाल का दान करें।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article