UP Lekhpal Recruitment 2024: उत्तर प्रदेश में लेखपाल भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आने वाली लेखपाल भर्ती को लेकर जानकारी साझा की है। बता दें कि सीएम योगी इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के सभागार में चयनित लेखपालों को नियुक्ति पत्र देने पहुंचे थें। इस दौरान उन्होंने नई भर्तियों को लेकर भी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि राज्य में 4700 लेखपालों की जल्द भर्तियां होंगी।
यूपी में लेखपाल की भर्ती
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि इस भर्ती प्रत्रिया के पूरे होते ही प्रदेश में 30,837 लेखपालों की संख्या पूरी हो जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि डबल इंजन की सरकार में युवाओं को रोजगार दिलाने की दिशा में काम हो रहा है।
यूपी में लेखपालों की भर्ती
यूपी में लेखपालों की भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश सबोर्डिनेट स्टाफ सेलेक्शन कमीशन यानी UPSSSC द्वारा नोटिफिकेशन जारी होता है। इस भर्ती के माध्यम से हजारों पदों पर भर्तियां की जाती हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस साल कुल 7720 लेखपालों की भर्तियां की गईं। नए लेखपालों के नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया लखनऊ में हुई है।
नए लेखपालों के नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि युवाओं का विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी है, उनके हितों के लिए सरकार पूरी ताकत लगा रही है। उन्होंने सभी चयनित लेखपालों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
कौन कर सकता है आवेदन?
उत्तर प्रदेश में राजस्व विभाग में लेखपालों की भर्तियां होती हैं। लेखपाल के पद पर आवेदन करने के लिए कैंडिडेट्स के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। इसके अलावा UPSSSC PET 2023 पास का सर्टिफिकेट रखने वाले ही आवेदन के पात्र होंगे। इस भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जल्द जारी होगा।
