समुद्र की दुनिया रहस्यों से भरी हुई है। यहां ऐसे कई जीव रहते हैं, जिनके बारे में जानकर कोई भी हैरान रह जाए। ऐसी ही एक रहस्यमयी मछली के बारे में आज हम आपको बताने जा रहे हैं। जो पहले तो मादा होती है लेकिन बाद में यह मछली नर बन जाती है।
इस रहस्यमयी मछली का नाम कोबुदाई (Kobudai) मछली है। यह मछली अपने जीवन में ऐसा बदलाव करती है, जिसे देखकर कोई भी हैरान रह जाएगा। लोग इस मछली की अनोखी खासियत के बारे में जानकर चौंक जाते हैं।
दरअसल, कोबुदाई मछली अपने जीवन के शुरुआती कई साल मादा के रूप में बिताती है। इस दौरान वह अंडे देती है और एक मादा मछली की तरह जीती है लेकिन जैसे-जैसे उसकी उम्र बढ़ती है, उसके शरीर में बड़ा बदलाव शुरू हो जाता है।
करीब 10 साल बाद यह मछली धीरे-धीरे नर मछली बन जाती है। नर बनने के बाद कोबुदाई का शरीर पहले जैसा नहीं रहता। उसका सिर पहले से बड़ा और उभरा हुआ हो जाता है। जबड़े मजबूत हो जाते हैं और उसका रंग भी गहरा दिखाई देने लगता है।
इतना ही नहीं, उसका स्वभाव भी बदल जाता है। पहले शांत रहने वाली यह मछली काफी आक्रामक हो जाती है और अपने इलाके की रक्षा करती है और इसी तरह इन मछलियों का परिवार भी बढ़ता है।
कोबुदाई की एक और खास बात इसका चेहरा है। इसका चेहरा इंसानों जैसा दिखाई देता है, इसलिए कई लोग इसे "ह्यूमन फेस फिश" भी कहते हैं। खासकर नर बनने के बाद इसका सिर इतना बड़ा हो जाता है कि इसे पहचानना आसान हो जाता है।
हालांकि, कोबुदाई अकेली ऐसी मछली नहीं है जो अपना जेंडर बदलती है। क्लाउनफिश जैसी कुछ दूसरी समुद्री मछलियां भी ऐसा करती हैं। लेकिन कोबुदाई का बदलाव सबसे ज्यादा चौंकाने वाला माना जाता है, क्योंकि इसमें केवल जेंडर ही नहीं, बल्कि शरीर का आकार, व्यवहार और ताकत भी पूरी तरह बदल जाती है।