Noida Crime News: दोस्त बना दानव! छोटी सी बात पर हथौड़ी से पीट-पीटकर युवक की हत्या, गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 5, 2022, 09:44 PM IST

Noida Crime News: सुपरटेक इको विलेज के एक फ्लैट में इंटीरियर का कार्य कर रहे चार दोस्‍त रात में बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान दो दोस्‍तों में किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। जिसे बाद एक ने हथौड़ी से पीट- पीटकर दूसरे की हत्‍या कर दी।

Noida Crime News: दोस्त बना दानव! छोटी सी बात पर हथौड़ी से पीट-पीटकर युवक की हत्या, गिरफ्तार
Photo Credit: Representative Image

Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में स्थित सुपरटेक इको विलेज सोसायटी में एक दोस्‍त ने दूसरे दोस्‍त की हथौड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपित ने युवक के सिर और चेहरे पर हथौड़ी से इतने वार किए कि उसकी घटनास्‍थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्यारोपित दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे, इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। मृतक और हत्‍यारोपी दोनों इंटीरियर का काम करते थे।

बिसरख कोतवाली प्रभारी उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि इस हत्‍या की जानकारी सोसायटी के सुरक्षा इंचार्ज मनीष भाटी ने पुलिस को दी। मनीष ने पुलिस को बताया कि चार युवक पूर्णिमा गुप्ता के फ्लैट में इंटीरियर का काम कर रहे थे। चारों उसी फ्लैट में ही रहते थे। काम के बाद रात में इन युवकों ने शराब पार्टी की। इसी पार्टी के दौरान शेर सिंह(56) व सुशील (30)के बीच किसी बात को लेकर कहा सुनी होने लगी।

सिर और चेहरे पर किए हथौड़ी के दर्जनों वार

जांच में पता चला है कि झगड़े के दौरान सुशील ने शेर सिंह को गाली दे दी। जिससे गुस्‍साए शेर सिंह ने पास में पड़ी हथौड़ी उठा ली और जब तक सुशील कुछ समझ पाता उसके चेहरे और सिर पर वार करना शुरू कर दिया। जिससे वह तुरंत ही फर्श पर गिर पड़ा। इसके बाद भी वह नहीं रूका और बर्बरता के साथ सुशील पर वार करता रहा। यह देख वहां मौजूद दो अन्‍य युवक भाग कर सोसायटी के सिक्योरिटी इंचार्ज के पास पहुंचे और घटना की जानकारी दी। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!