नवरात्रि सनातन धर्म के मुख्य पर्वों में से एक है, जिसकी मान्यता सदियों से चली आ रही है। नवरात्रि मूलतः मां दुर्गा को समर्पित उत्सव है जिसमें उनके नौ स्वरूपों की विधिवत पूजा होती है। मुख्य रूप से साल में नवरात्रि दो बार आती है, जिसमें पहला चैत्र नवरात्रि है और दूसरा शारदीय नवरात्रि है। नवरात्रि का त्योहार श्रद्धा, भक्ति और समर्पण के मूल्यों पर आधारित माना जाता है। हालांकि साल में दो बार गुप्त नवरात्र भी आते हैं जिनमें तांत्रिक अनुष्ठान होते हैं।