मध्य प्रदेश

दमोह में तीन स्कूली छात्राएं लापता, पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले, परिजनों में चिंता

दमोह शहर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां सरदार पटेल हाई स्कूल की कक्षा नौवीं की तीन छात्राएं रहस्यमय तरीके से लापता हो गईं। शनिवार सुबह घर से स्कूल जाने निकलीं छात्राएं न तो स्कूल पहुंचीं और न ही घर लौटीं। देर रात परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू हुई।

Image

पुलिस स्टेशन पर खड़े परिजन

Photo : Times Now Digital

Damoh News: दमोह शहर से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां सरदार पटेल हाई स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा नौवीं की तीन नाबालिग छात्राएं रहस्यमय तरीके से लापता हो गईं। शनिवार सुबह घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकलीं ये छात्राएं न तो स्कूल पहुंचीं और न ही घर लौटीं। देर रात परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

स्कूल ने फोन कर दी जानकारी

जानकारी के अनुसार शनिवार को स्कूल में जब तीनों छात्राएं नहीं पहुंचीं, तो शिक्षकों ने एक छात्रा के परिजन को फोन किया। छात्रा के भाई ने बताया कि वह उसे स्कूल छोड़कर गया था। जब भाई स्कूल पहुंचा, तो शिक्षकों ने बताया कि उसकी बहन स्कूल आई ही नहीं। इसी तरह दो अन्य छात्राएं भी स्कूल नहीं पहुंची थीं। एक छात्रा घर पर ही मिली, लेकिन दो छात्राएं घर से स्कूल के लिए निकलने के बाद वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने दिनभर इंतजार किया, उम्मीद थी कि स्कूल की छुट्टी के बाद छात्राएं घर लौट आएंगी, लेकिन जब देर शाम तक कोई खबर नहीं मिली तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने खोजबीन शुरू की।

पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज

देर रात परिजनों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तीनों छात्राओं की गुमशुदगी दर्ज की और जांच शुरू कर दी। CSP एच.आर. पांडे और कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने शहर के मुख्य स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस टीम रेलवे स्टेशन पहुंची और वहां भी प्लेटफॉर्मों और एंट्री गेट्स की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग देखी गई, लेकिन फिर भी छात्राओं का कोई पता नहीं चला।

परिजनों का बुरा हाल

तीनों छात्राओं में से एक समन्ना गांव की रहने वाली है, जबकि दो अन्य छात्राएं दमोह शहर और आसपास के क्षेत्रों की निवासी हैं। परिजनों का कहना है कि लड़कियों का पहले ऐसा कोई व्यवहार नहीं रहा, जिसके चलते उनकी चिंता और बढ़ गई है। CSP एच. आर. पांडे ने बताया कि तीनों छात्राओं की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और देर रात तक उनकी तलाश जारी रही। उन्होंने कहा कि परिजनों से लगातार संपर्क किया जा रहा है और हर संभावित स्थान की जांच की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article