Sagar Accident: बम निरोधक दस्ते के वाहन और ट्रक की जोरदात भिड़ंत, चार जवानों की मौत
- Authored by: Pooja Kumari
- Updated Dec 10, 2025, 12:43 PM IST
मध्य प्रदेश के सागर में बुधवार सुबह एनएच-44 पर बम निरोधक दस्ते के वाहन और ट्रक की टक्कर में चार जवानों की मौत हो गई। इस हादसें एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सागर में दर्दनाक हादसा (PTI)
Sagar Road Accident: मध्य प्रदेश के सागर में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। एनएच-44 पर एक ट्रक से बम निरोधक दस्ते के वाहन की जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें चार जवानों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के वाहन और ट्रक के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
गलत दिशा में खड़े ट्रक से हुई टक्कर
यह भीषण हादसा सागर में नेशनल हाईवे 44 पर बांदरी और मालथौन के बीच तड़के करीब 4 बजे हुआ। बांदरी के थाना प्रभारी निरीक्षक सुमेर जगत ने बताया कि बम निरोधक दस्ते के जवानों को ले जा रही गाड़ी राजमार्ग पर गलत दिशा में खड़े एक ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
मृतक जवानों की पहचान
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कांस्टेबल प्रद्युम्न दीक्षित, कांस्टेबल अमन कौरव और ड्राइवर परमलाल तोमर के तौर पर हुई। ये सभी मुरैना के रहने वाले थे। इस हादसे में ‘डॉग मास्टर’ (श्वान दस्ते में शामिल कुत्ते के प्रशिक्षक) विनोद शर्मा की भी मौत हो गई। वे भिंड के रहने वाले थे। घटना में एक और कांस्टेबल राजीव चौहान को गंभीर चोटें आईं। जिन्हें उन्हें तुरंत भोपाल के बंसल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई। पुलिस के वाहन में एक कुत्ता भी सवार था, जो बिल्कुल सही सलामत है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया में प्रतीत होता है कि पुलिस गाड़ी के ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है।