राजस्थान

सीकर में भीषण सड़का हादसा; स्लीपर बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में 4 की मौत, 28 से ज्यादा घायल

राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में देर रात एक स्लीपर बस और ट्रक की आमने-सामने हुई भिड़ंत ने बड़ा हादसा कर दिया। दुर्घटना में 4 यात्रियों की जान चली गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहत टीमें और स्थानीय लोग मिलकर रातभर मौके पर फंसे यात्रियों को निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में जुटे रहे।

Image

जयपुर-बीकानेर हाईवे पर स्लीपर बस और ट्रक में जोरदार टक्कर (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Sikar News: राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में मंगलवार रात लगभग 10:40 बजे एक स्लीपर बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। भीषण दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, स्लीपर बस बीकानेर से जयपुर की ओर जा रही थी और ट्रक झुंझुनूं से बीकानेर की तरफ आ रहा था। फतेहपुर के पास दोनों वाहन तेजी से भिड़ गए।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री सीटों में ही फंस गए। हादसे के बाद चीख-पुकार से माहौल दहला उठा। हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहन रोककर लोगों ने बचाव कार्य में मदद की। स्थानीय निवासियों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में बचाव दल को कड़ी मेहनत करनी पड़ी।

खाटू श्याम मंदिर जाते वक्त हुआ हादसा

पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां मेडिकल टीमें उनका इलाज कर रही हैं। हादसे में घायल ज़्यादातर यात्री गुजरात के थे, जो जम्मू स्थित वैष्णो देवी के दर्शन करके लौट रहे थे। इसके बाद उनका खाटू श्याम जी मंदिर जाने का कार्यक्रम था, लेकिन फतेहपुर के पास यह दुर्घटना हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, कई घायलों की स्थिति अभी भी गंभीर है। घायलों में बुजुर्गों और बच्चों सहित सभी आयु वर्ग के लोग शामिल हैं। पुलिस ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

सात लोगों की हालत बेहद नाजुक

डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में सात लोगों की हालत बेहद नाजुक है। उन्हें गंभीर आंतरिक चोटें आई हैं और विशेष निगरानी में रखा गया है। बाकी यात्रियों का अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया, जबकि हल्की चोट वाले कुछ लोगों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ड्राइवर की लापरवाही हादसे की संभावित वजह लग रही है, हालांकि फिलहाल इसे पक्का नहीं माना जा सकता। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के कई सदस्य भी घायल हुए हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article