Best Rice for Biryani: आज वर्ल्ड बिरयानी डे (World Biryani Day 2026) है। पूरी दुनिया में बिरयानी सबसे ज्यादा भारत में खाई जाती है। भारतीय बिरयानी के हर दाने में अलग तरह का स्वाद छिपा होता है। बहुत से लोग घर पर ही बिरयानी बनाते हैं। हालांकि कई बार ऐसे लोगों की शिकायत होती है कि उनकी बिरयानी के चावल चिपक गए, दाने टूट गए या बिरयानी में रेस्तरां जैसा स्वाद नहीं आया। इसकी सबसे बड़ी वजह चावल का सही चुनाव न करना और कुछ छोटी-छोटी गलतियां होती हैं।
जानिए घर पर कैसे बनाएं बाजार जैसी बिरयानी (Photo: iStock)
बिरयानी के लिए कौन सा चावल सबसे अच्छा है?
बासमती चावल को बिरयानी के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। इसकी लंबी, पतली और खुशबूदार किस्म बिरयानी को रेस्तरां जैसा स्वाद और लुक देती है। पकने के बाद इसके दाने लंबे हो जाते हैं और आपस में चिपकते नहीं हैं।
शेफ आमतौर पर एज्ड बासमती राइस, यानी कम से कम एक-दो साल पुराने बासमती चावल को बेहतर मानते हैं। पुराने चावल में नमी कम होती है, इसलिए पकने पर दाने अलग-अलग रहते हैं और बिरयानी ज्यादा खिली-खिली बनती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: निजाम की शाही रसोई से निकला था ये सीक्रेट सूप
चावल को भिगोना क्यों जरूरी है?
कई लोग चावल धोकर सीधे पतीले में डाल देते हैं, जबकि यही सबसे बड़ी गलती होती है। बिरयानी के लिए चावल को 20 से 30 मिनट तक पानी में भिगोकर रखना चाहिए। भिगोने से चावल के दाने पानी सोख लेते हैं और पकने पर बिना टूटे लंबाई में बेहतर तरीके से फैलते हैं। इससे बिरयानी का टेक्सचर भी बेहतर बनता है।
चावल को कितना पकाएं
बिरयानी की असली तकनीक 'दम' में छिपी है। इसलिए चावल को पहले पूरी तरह पकाने की बजाय लगभग 70 से 80 प्रतिशत तक ही उबालना चाहिए। अगर चावल पहले से पूरी तरह पक जाएगा, तो दम पर रखने के दौरान वह ज्यादा नरम होकर टूट सकता है। हल्का कच्चापन ही दम के दौरान उसे सही बनावट देता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कबाब की दुनिया का सबसे बड़ा बेवफा है ये कबाब
ऊबलते पानी में क्या डालें?
बिरयानी के लिए चावल उबालते समय पानी में केवल नमक डालना काफी नहीं है। इसमें कुछ साबुत मसाले भी डाले जा सकते हैं, जैसे:
- तेजपत्ता
- हरी इलायची
- लौंग
- दालचीनी
- थोड़ा-सा घी या तेल
ये मसाले चावल में हल्की सुगंध भर देते हैं, जो बाद में पूरी बिरयानी के स्वाद को कई गुना बढ़ा देते हैं।
लेयरिंग है बिरयानी की असली जान
अच्छी बिरयानी महज अच्छे चावल से नहीं बनती। उसकी लेयरिंग का भी बड़ा हाथ होता है। सबसे नीचे मसालेदार ग्रेवी या मैरिनेट किया हुआ मांस या सब्जियां और उसके ऊपर चावल की परत बिछाई जाती है। इसके बाद तले हुए प्याज, केसर वाला दूध, पुदीना, हरा धनिया और थोड़ा घी डाला जाता है। यही परतें बिरयानी को उसकी खास खुशबू और गहराई देती हैं।
दम देते समय न करें यह गलती
बिरयानी को धीमी आंच पर पकाना बेहद जरूरी है। तेज आंच से नीचे की परत जल सकती है और ऊपर के चावल सही तरह से नहीं पकते। इसलिए बर्तन को अच्छी तरह ढककर धीमी आंच पर 20 से 30 मिनट तक दम देना बेहतर माना जाता है।
