अगर कोई 20-25 साल पहले किसी को घुटनों से फटी जींस या कटे-फटे कपड़ों में देखता। तो शायद उसे नया कपड़ा खरीदने की ही सलाह देता। लेकिन मॉडर्न जमाने के मॉडर्न फैशन की तस्वीर आज पूरी तरह बदल चुकी है। फैशन की दुनिया में रिप्ड जींस, डिस्ट्रेस्ड डेनिम और कट-आउट स्टाइल ऐसे ट्रेंड बन चुके हैं जिनके लिए लोग हजारों रुपये खर्च करने को तैयार हैं।
Ripped Clothes
दिलचस्प बात यह है कि जिन कपड़ों को कभी पुराना, घिसा हुआ या खराब माना जाता था। वही आज बड़े-बड़े फैशन ब्रांड्स की शो-रूम विंडो में सबसे आगे नजर आते हैं। सोशल मीडिया, बॉलीवुड और ग्लोबल फैशन इंडस्ट्री ने इस ट्रेंड को नई पहचान दी है। अब फटे कपड़े सिर्फ कपड़े नहीं, बल्कि एक स्टाइल स्टेटमेंट माने जाते हैं। ऐसा भी कहा जाता है कि, जितने फटे और छोटे कपड़े उतनी ही ज्यादा उनकी कीमत। अब सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि कटे-फटे कपड़े फैशन, ट्रेंड और कई लोगों की नजर में स्टेटस सिंबल तक बन गए?
कैसे शुरू हुआ रिप्ड कपड़ों का ट्रेंड?
रिप्ड फैशन की शुरुआत केवल स्टाइल के लिए नहीं हुई थी, बल्कि यह एक तरह से पारंपरिक फैशन नियमों के खिलाफ विरोध का प्रतीक था। कई दशक पहले कुछ युवाओं ने समाज द्वारा तय किए गए ड्रेसिंग स्टैंडर्ड्स को चुनौती देने के लिए जानबूझकर पुराने और फटे कपड़े पहनने शुरू किए। उनका मकसद भीड़ से अलग दिखना और अपनी मॉडर्न सोच को जाहिर करना था। धीरे-धीरे इस अनोखे अंदाज ने फैशन डिजाइनर्स का ध्यान खींचा और रिप्ड कपड़े रैंप तक पहुंच गए। इसके बाद यह ट्रेंड दुनियाभर में लोकप्रिय हो गया। फैशन की दुनिया में अक्सर वही चीज ट्रेंड बनती है जो सबसे अलग नजर आती है, और रिप्ड फैशन इसका बेहतरीन उदाहरण है।
Ripped Jeans Trend
फटे कपड़े अब क्यों लगते हैं स्टाइलिश?
फैशन हमेशा नया और अलग दिखने की कोशिश करता है। रिप्ड कपड़े लोगों को एक कैजुअल, रिलैक्स और बेफिक्र लुक देते हैं। कई युवाओं को लगता है कि यह स्टाइल उन्हें भीड़ से अलग पहचान देता है। इसलिए ही यंगस्टर्स में रिप्ड स्टाइल के कपड़े पहनने का सबसे ज्यादा क्रेज है। जिसे अब हर उम्र के लोग फॉलो कर रहे हैं। लेकिन बेशक ही इस सिक्के के दो पहलू हैं और फैशन का ये ट्रेंड हमेशा ही सही और गलत की चर्चा में बना रहता है।
सेलिब्रिटीज ने बढ़ाया क्रेज
बॉलीवुड सितारों, मॉडल्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को रिप्ड जींस, कट वाले टॉप्स और आउटफिट्स में देखने के बाद यह ट्रेंड भारत में और तेजी से लोकप्रिय हुआ। जब कोई मशहूर चेहरा किसी स्टाइल को अपनाता है तो लोग उसे फॉलो करने लगते हैं। कई हॉलीवुड तो बॉलीवुड सेलेब्स रिप्ड पैटर्न की जींस, शर्ट, टॉप तो ड्रेसेस पहनते हैं।
उदाहरण के तौर पर हाल ही में बॉलीवुड सुपरस्टार बॉबी देओल ने रिप्ड पैटर्न में जींस नहीं बल्कि फॉर्मल लुक वाली पैंट्स पहनी हुई थी। महंगी सी शर्ट के साथ बॉबी ने बहुत ही एफर्टलेसली रिप्ड ट्राउजर स्टाइल की थी। पुराने फैशन को नया ट्विस्ट देकर बॉबी ने एक नया ट्रेंड शुरू कर दिया है। ऐसे ही फैशन मार्केट में रिप्ड कपड़ों का ट्रेंड बढ़ता जा रहा है।
महंगे क्यों होते हैं रिप्ड कपड़े?
कई लोगों को यह जानकर हैरानी होती है कि जिन कपड़ों को देखकर वे 'फटा हुआ' कहते हैं, उनकी कीमत अक्सर सामान्य कपड़ों से कहीं ज्यादा होती है। इसकी वजह सिर्फ कपड़े का ब्रांड नहीं, बल्कि उसे तैयार करने की पूरी प्रोसेस भी होती है। रिप्ड जींस और अन्य कपड़ों पर खास तरह की कटिंग, डिस्ट्रेसिंग, वॉशिंग और फिनिशिंग की जाती है, ताकि वे एक स्टाइलिश और बैलेंस्ड लुक दे सकें। इसके अलावा बड़े फैशन ब्रांड्स अपनी पहचान और एक्सक्लूसिव डिजाइन के कारण भी ज्यादा कीमत वसूलते हैं। यही कारण है कि रिप्ड कपड़े दिखने में भले साधारण लगें, लेकिन फैशन मार्केट में उनकी कीमत काफी ऊंची हो सकती है।
फटे कपड़ों का ट्रेंड (AI Image)
क्या रिप्ड फैशन अमीरी की पहचान बन गया है?
रिप्ड या फटी जींस और कपड़ों का फैशन आज सिर्फ एक ट्रेंड नहीं, बल्कि स्टाइल स्टेटमेंट बन चुका है। कई लोग इसे मॉडर्न सोच, कॉन्फिडेंस और कैजुअल फैशन का हिस्सा मानते हैं। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि महंगे ब्रांड्स की रिप्ड कपड़े खरीदना व्यक्ति की आर्थिक क्षमता और फैशन पर खर्च करने की आदत को भी दर्शाता है। कई लोग तो देखा देखी में ही इस तरह के कपड़े पहनने लगते हैं। दिलचस्प बात यह है कि जिन कपड़ों को कभी पुराना या खराब माना जाता था, वही आज प्रीमियम फैशन का हिस्सा बन गए हैं। हालांकि रिप्ड फैशन को अमीरी की पहचान मानना पूरी तरह सही नहीं होगा, क्योंकि कई लोग इसे सिर्फ आरामदायक और ट्रेंडी लुक के लिए पहनना पसंद करते हैं।
Ribbed Clothes
रिप्ड कपड़ों का ट्रेंड यह दिखाता है कि फैशन सिर्फ नए कपड़े पहनने का नाम नहीं है। यह सोच, पसंद और खुद को कपड़ों और फैशन के जरिए एक्सप्रेस करने का तरीका भी है। जो चीज कभी खराब मानी जाती थी, वही आज स्टाइल का हिस्सा बन चुकी है। यही फैशन की सबसे दिलचस्प बात है, यह लगातार बदलता रहता है और लोगों की पसंद के साथ नए अर्थ भी हासिल करता रहता है।
