बारिश का मौसम शुरू होते ही घर में ठंडक तो आ जाती है, लेकिन साथ ही नमी भी बढ़ जाती है। यह नमी सिर्फ दीवारों या कपड़ों को ही नहीं, बल्कि किचन में रखे खाने-पीने के सामान को भी जल्दी खराब कर सकती है। कई बार मसालों में गांठ पड़ जाती है, नमकीन नरम हो जाती है, आटे में कीड़े लगने लगते हैं और ड्राई फ्रूट्स का स्वाद बदल जाता है। अगर आप चाहते हैं कि आपका राशन लंबे समय तक ताजा रहे, तो मानसून शुरू होते ही कुछ जरूरी चीजों को एयरटाइट या सील पैक करके रखना सबसे अच्छा तरीका है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - 2 मिनट में बन जाती है विकास खन्ना की पसंदीदा मिठाई, देखें रेसिपी
मसालों को रखें पूरी तरह एयरटाइट
हल्दी, लाल मिर्च, धनिया, गरम मसाला और अन्य पिसे मसाले नमी जल्दी सोख लेते हैं। इन्हें हमेशा सूखे चम्मच से निकालें और इस्तेमाल के बाद डिब्बा अच्छी तरह बंद कर दें।
आटा और सूजी को खुला न छोड़ें
आटा, सूजी और बेसन जैसी चीजें बारिश में जल्दी खराब हो सकती हैं। इन्हें एयरटाइट डिब्बे में रखें। अगर ज्यादा मात्रा में स्टोर कर रहे हैं, तो छोटे-छोटे कंटेनर में बांटकर रखना बेहतर रहेगा।
नमकीन और बिस्कुट
खुला पैकेट छोड़ देने पर नमकीन और बिस्कुट जल्दी नरम हो जाते हैं। पैकेट खोलने के बाद इन्हें तुरंत एयरटाइट डिब्बे में डाल दें, ताकि उनकी कुरकुराहट बनी रहे।
ड्राई फ्रूट्स और बीज
बादाम, काजू, अखरोट, किशमिश, चिया सीड्स और फ्लैक्स सीड्स जैसी चीजों को नमी से बचाना जरूरी है। इन्हें अच्छी तरह बंद डिब्बे में रखें। जरूरत हो तो कम मात्रा में निकालें और बाकी सील वाले पैक में ही रहने दें।
चीनी, नमक और गुड़ का रखें ध्यान
मानसून में चीनी और नमक में गांठें पड़ सकती हैं। गुड़ भी चिपचिपा हो सकता है। इन्हें हमेशा सूखी जगह और अच्छी तरह बंद कंटेनर में रखें।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह पढ़ें - क्या होता है Onion Powder
दाल और चावल
दाल और चावल को लंबे समय तक स्टोर करना है, तो इन्हें ढक्कन वाले मजबूत कंटेनर में रखें। समय-समय पर डिब्बे खोलकर जांचते रहें कि उनमें नमी या कीड़े तो नहीं हैं।
बारिश के मौसम में किचन हमेशा सूखा रखें, गीले हाथों से डिब्बे न खोलें और किसी भी सामान को इस्तेमाल करने के बाद तुरंत बंद कर दें। इससे राशन लंबे समय तक ताजा रहेगा और खराब होने की संभावना भी कम होगी।
