Father And Teenage Son Bonding Tips : बच्चे जब बड़े हो रहे हो तो उन्हें अपना दोस्त समझना चाहिए। ये आपने भी अक्सर लोगों को कहते हुए सुना होगा। लेकिन आज भागदौड़ भरी जिंदगी में मां-बाप के पास बच्चों के लिए बहुत ज्यादा टाइम ही नहीं है। इसलिए बचपन से युवावस्था आते-आते बच्चों और पेरेंट्स में काफी दूरियां आने लगती हैं। बच्चों के लिए केवल आर्थिक व्यवस्था मजबूत करना ही काफी नहीं है। बल्कि उन्हें समय के साथ आपके इमोशनल सपोर्ट की भी जरूरत होती है। वहीं बात जब किशोरावस्था की आती है, तो ये सहयोग और भी ज्यादा जरूरी हो जाता है। जी हां आज हम आपको किशोरावस्था यानी टीनएज में पिता-पुत्र के रिश्ते से जुड़ी की अहम बातें बताने जा रहे हैं।
संवाद जरूर करें
किशोरावस्था एक ऐसी उम्र है जिसमें बच्चा कई तरह की समस्याओं को एक साथ झेल रहा होता है। जिन्हें वह अक्सर खुलकर किसी से कह भी नहीं पाता है। इसलिए पिता होने के नाते आपका पहला दायित्व है कि आप अपने बेटे से खुलकर संवाद करें जिससे आपका और उसका रिश्ता और भी मजबूत हो सके।
सुनना सीखें
कुछ लोग पिता होने का अर्थ सिर्फ ये मान लेते हैं, कि हमें बच्चों को केवल सुनाना है। लेकिन आपको जान लेना चाहिए कि ऐसा करना बिल्कुल भी सही नहीं है। किशोरावस्था के बेटे से बात करते समय आप उसकी बातों को भी पूरी अहमियत देते हुए सुनें। इसके बाद उसे सही और गलत के आधार पर बातों को प्यार से समझाएं न कि डांटते हुए।
प्रशंसा जरूर करें
किशोरावस्था में यदि बच्चे का आत्मबल मजबूत हो गया तो फिर बहुत सारी समस्या का समाधान आसानी से हो सकता है। इसलिए इस उम्र में किसी भी उपलब्धि पर बच्चे की प्रशंसा जरूर करें। इसका असर यह भी होगा कि बच्चा फिर आपके साथ अपनी सभी चीजें साझा करेगा।
तकनीक और जेनरेशन गैप को समझें
आज तेजी से बदलते समय में लोगों के सामने नई तरह की समस्याएं खड़ी हो गई है। हमारे देश में एक जेनरेशनल गैप का सामना इस समय पीढ़ी को करना पड़ रहा है। जिससे बचने के लिए पिता को समझना चाहिए कि आज समय तेजी से बदल रहा है, इसलिए तकनीक का इस्तेमाल और बच्चे की रुचियां भी बदलेंगी। इसलिए उनकी इससे जुड़ी भावनाओं का सम्मान करें।
