Oil Free Breakfast: पूरे दिन की ऊर्जा कैसी रहेगी ये बात काफी हद तक सुबह के नाश्ते पर निर्भर करती है। हेल्दी और पौष्टिक ब्रेकफास्ट करने से शरीर को जरूरी पोषक तत्व तो मिलते ही हैं साथ ही दिनभर एनर्जी भी बनी रहती है। कई बार स्वाद के चक्कर में लोग ज्यादा तेल वाला नाश्ता खा लेते हैं जिससे भले ही कुछ मिनटों के लिए आपको अच्छा लगे लेकिन, पूरा दिन आपकी एनर्जी लो रहेगी। वहीं ज्यादा तेल वाले खाने से वजन बढ़ने, कोलेस्ट्रॉल और पाचन संबंधी समस्याओं के बढ़ने का भी खतरा रहता है।
बिना तेल के इस्तेमाल के बनाएं टेस्टी नाश्ता (फोटो: AI)
शायद आपको ये बात जानकर हैरानी हो कि बिना तेल के भी स्वादिष्ट और हेल्दी नाश्ता तैयार किया जा सकता है। अगर आप फिट रहना चाहते हैं और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना चाहते हैं, तो ये आसान ऑयल-फ्री ब्रेकफास्ट रेसिपी को डाइट में शामिल कर सकते हैं।
स्टीम्ड वेजिटेबल इडली
स्टीम्ड वेजिटेबल इडली आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है। इसको तैयार करने में न तो ज्यादा मेहनत लगती है और इसके साथ ही ये हल्का और सुपाच्य नाश्ता भी होती है। चावल और उड़द दाल के घोल में कद्दूकस की हुई गाजर, मटर या पालक मिलाकर आप इसे हेल्थी तरीके से तैयार कर सकते हैं। इसका सबसे बड़ा फायदा ये है कि यह बिना तेल के तैयार होती है। इसके अलावा प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट का अच्छा संतुलन भी आपको इस नाश्ते से मिल जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कम समय में बनाएं प्रोटीन से भरपूर शाकशुका, आसान है इसकी रेसिपी
दही, फल और ड्राई फ्रूट्स का बाउल
सबसे आसान और हेल्दी नाश्ता आपके लिए दही, फल और ड्राई फ्रूट्स का बाउल हो सकता है। एक कटोरी दही में सेब, केला, पपीता, अनार और थोड़े से बादाम, अखरोट या चिया सीड्स मिलाकर आप इसे तैयार कर सकते हैं। प्रोटीन और कैल्शियम से भरपूर ये नाश्ता पाचन तंत्र को बेहतर बनाने के साथ ही शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है। ऑफिस या फिर कॉलेज जाने वाले लोग जिनके पास सुबह टाइम की कमी रहती है उनके लिए ये नाश्ता बेस्ट है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: फाइबर और कैल्शियम से भरपूर नाश्ता बनाने की आसान रेसिपी, दिन की करें हेल्दी शुरुआत
मूंग दाल का स्टीम्ड ढोकला
अगर आप हाई प्रोटीन और कम कैलोरी वाला नाश्ता चाहते हैं तो फिर मूंग दाल का स्टीम्ड ढोकला अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इससे लंबे समय तक पेट भरा रहता है और ये बनाने भी बेहद आसान है। रातभर भिगोई हुई मूंग दाल को पीसकर उसमें अदरक, हरी मिर्च और मसाले मिलाएं। बैटर को स्टीमर में पकाकर स्वादिष्ट ढोकला तैयार करें। अगर आप जिम जाते हैं तो जान लें के ये नाश्ता मसल्स की रिकवरी में भी मददगार हो सकता है।
