Mahashivratri 2023 : महाशिवरात्रि के मौके पर कई श्रद्धालु भगवान शिव जी की अराधना में पूजा अर्चना करते हैं। साथ ही कई लोग इस मौके पर उपवास भी रखते हैं। अगर आपको उपवास के दौरान कुछ हैवी खाने का मन कर रहा है, तो आप फलाहारी टिक्की और चावल की पूरियां बना सकते हैं। यह काफी स्वादिष्ट और हेल्दी हो सकता है। आइए जानते हैं घर पर कैसे बनाएं फलाहारी टिक्की और चावल के आटे की पूरी-
महाशिवरात्रि स्पेशल रेसिपी
चावल के आटे की पूरी
व्रत के लिए आप सामान्य चावल यूज नहीं करते हैं। ऐसे में समा के चावल की पूरी बनाएं। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी-
आवश्यक सामग्री
- 3/4 कप समा के चावल
- स्वादानुसार सेंधा नमक
- ताजी कुटी हुई काली मिर्च - ¼ छोटी चम्मच
- 1 छोटी चम्मच तेल
- पूरी तलने के लिए तेल
समा के चावल की पूरी बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छी तरह से धोकर धूप में सूखा लें। अब इस चावल को ग्राइंडर में बारीक पीस लें। इसके बाद 1 कड़ाही में पानी चढ़ाएं। इसमें चावल का आटा डालकर इसे थोड़ी देर चलाएं। इसके बाद इसे आंच से उतार लें। अब इसे अपने हाथों से अच्छी तरह से गूंथ लें। आटे को गूथते समय इसमें तेल, सेंधा नमक और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह से गूंध लें। जब आटा नरम हो जाए, तो इसकी लोईयां बनाकर पूरी बेलकर तेल में अच्छी तरह से तल लें। लीजिए गरमा गरम समा के चावल की पूरियां तैयार हैं। अब आप इसे आलू की सब्जी, रायजा, ग्रीन चटनी और सलाद के साथ खाएं।
फलाहारी टिक्की बनाने की रेसिपी
आवश्यक सामग्री
- ¼ कप सिंघाड़े का आटा
- 400 ग्राम करीब उबले हुए आलू
- 2-3 टेबल स्पून बारीक कटा हुआ हरा धनिया
- ¼ कप दरदरे कुटे हुए मूंगफली के दाने
- ½ छोटी चम्मच बारीक कटी हुई अदरक
- 2-3 टेबल स्पून घी
- स्वादानुसार सेंधा नमक
- काली मिर्च - 8-10 दरदरी कुटी हुई काली मिर्च
- 1 से 2 बारीक कटी हुए हरी मिर्च
फलाहारी टिक्की बनाने के लिए सबसे पहले आलू को धोकर उबाल लें। अब इसे छीलकर कद्दूकस कर लें। कददूकस किए हुए आलू में सेंधा नमक, काली मिर्च, मूंगफली के दाने जैसी सभी चीजों को डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। अब एक कड़ाई में घी गर्म करें। इसके बाद तैयार मिश्रण की लोईयां बनाकर इसे तेल में अच्छी तरह से फ्राई कर लें। लीजिए गर्मागर्म फलाहारी आलू की टिक्की तैयार है। अब आप इसे ग्रीन चटनी के साथ सर्व करें।
(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।)
