Relationship Red Flags: आज के दौर में रिश्ते बनाना जितना आसान हो गया है, उन्हें समझना उतना ही मुश्किल होता जा रहा है। सोशल मीडिया, चैटिंग और लगातार संपर्क में रहने के बावजूद कई लोग ऐसे रिश्तों में होते हैं, जहां सबसे बड़ा सवाल यही होता है- क्या सामने वाला सच में प्यार करता है या सिर्फ वक्त बिताने के लिए साथ है? हर रिश्ते में कभी न कभी छोटे-मोटे मतभेद और गलतफहमियां हो सकती हैं, लेकिन अगर उलझन, असुरक्षा और इंतजार ही रिश्ते की पहचान बन जाए, तो थोड़ा रुककर उस रिश्ते को समझने की जरूरत होती है। सच्चा प्यार केवल बड़े-बड़े वादों या मीठे शब्दों से नहीं, बल्कि रोजमर्रा के व्यवहार, सम्मान और जिम्मेदारी से दिखाई देता है। आइए जानते हैं उन संकेतों (Relationship Advice) के बारे में जो यह समझने में मदद कर सकते हैं कि आपका रिश्ता मजबूत प्यार पर टिका है या केवल टाइम पास चल रहा है।
सच्चे रिश्ते की कैसे करें पहचान?
हर दिन बदलता रहे व्यवहार
क्या आपका पार्टनर कभी आपको दुनिया का सबसे खास इंसान महसूस कराता है और अगले ही दिन पूरी तरह अनदेखा करने लगता है? अगर ऐसा बार-बार हो रहा है, तो यह केवल मूड स्विंग नहीं भी हो सकता है। एक हेल्दी रिलेशनशिप में भावनाएं स्थिर होती हैं। किसी भी तरह के उतार-चढ़ाव स्वाभाविक हैं, लेकिन लगातार बदलता व्यवहार आपके मन में असुरक्षा पैदा करता है। यदि ऐसा अक्सर होता है, तो यह रिश्ते के लिए अच्छा संकेत नहीं माना जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पति कमाता है, फिर भी कई महिलाएं नौकरी क्यों नहीं छोड़ना चाहतीं?
फ्यूचर के बारे में बात न करना
जब कोई रिश्ता गंभीर होता है, तो उसमें भविष्य की बातें भी स्वाभाविक रूप से शामिल होती हैं। यदि आप अपने रिश्ते, सपनों या आने वाले समय की बात करते हैं और आपका पार्टनर हर बार बातचीत टाल देता है या विषय बदल देता है, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि वह रिश्ते को उतनी गंभीरता से नहीं देख रहा है। एक मजबूत रिश्ता वही होता है जिसमें दोनों लोग बिना झिझक अपनी भावनाएं, उम्मीदें और भविष्य की योजनाएं साझा कर सकें।
सुकून की जगह तनाव बढ़ने लगे
प्यार का रिश्ता मन को शांति और भरोसा देता है। लेकिन अगर हर समय फोन का इंतजार, रिप्लाई आने की चिंता, सामने वाले के व्यवहार का मतलब निकालने की कोशिश और लगातार ओवरथिंकिंग आपकी दिनचर्या का हिस्सा बन जाए, तो यह रिश्ते की सेहत पर सवाल खड़े करता है। यदि आपको हर समय यह महसूस हो कि कहीं कुछ गलत है, तो उस भावना को नजरअंदाज करने के बजाय रिश्ते को ईमानदारी से समझने की कोशिश करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिल में गुस्सा रखने से शरीर पर क्या असर पड़ता है?
पहल बस एक तरफ से होना
क्या हर बार कॉल आप करते हैं? मैसेज की शुरुआत भी हमेशा आप ही करते हैं? मिलने का प्लान भी आप बनाते हैं और रिश्ते को बचाने की कोशिश भी सिर्फ आपकी तरफ से होती है? तो ये हेल्दी रिश्ते के संकेत नहीं हैं। रिश्ता दो लोगों की साझी जिम्मेदारी होता है। यदि एक ही व्यक्ति लगातार प्रयास कर रहा है और दूसरा केवल साथ निभाने का दिखावा कर रहा है, तो इस तरह रिश्ता बहुत लंबा नहीं चल पाएगा।
आपके इमोशन को नजरअंदाज करना
सच्चे प्यार में केवल अपनी नहीं, बल्कि सामने वाले की भावनाओं का भी सम्मान होता है। अगर आपकी बातें, परेशानियां या खुशियां आपके पार्टनर के लिए कोई मायने नहीं रखतीं, या वह आपकी भावनाओं को बार-बार नजरअंदाज करता है, तो यह रिश्ते में भावनात्मक दूरी का संकेत हो सकता है। एक अच्छा साथी आपकी बात सुनता है, समझने की कोशिश करता है और जरूरत पड़ने पर आपका साथ भी देता है।
