तीज का त्योहार आते ही बाजार में हरे रंग की रौनक बढ़ जाती है, लेकिन इस बार एक खास साड़ी लुक ने लोगों का ध्यान खींचा। दिल्ली में आयोजित हरियाली तीज समारोह में कंगना रनौत भी पहुंचीं और उनका पहनावा पूरी तरह त्योहार के मूड में नजर आया। उन्होंने नींबू-हरे रंग की कांजीवरम सिल्क साड़ी पहनी, जिसमें पल्लू पर बने रंगीन पेड़ और पक्षियों के डिजाइन ने पूरे लुक को खास बना दिया।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - Tara Sutaria का लेपर्ड लुक क्यों कर रहा है मैक्सिमल फैशन की वापसी का इशारा
इसके साथ उन्होंने मिलते-जुलते रंग का ब्लाउज और ट्रेडिशनल ज्वेलरी चुनी। सबसे दिलचस्प बात यह रही कि कंगना ने अपने लुक को जरूरत से ज्यादा भारी नहीं बनाया। साड़ी, गहने, बिंदी और सधे हुए हेयरस्टाइल के बीच अच्छा संतुलन दिखा। यही वजह है कि उनका यह अंदाज सिर्फ एक सेलिब्रिटी फैशन लुक नहीं लगा, बल्कि तीज के लिए साड़ी पहनने वालों को भी एक आसान स्टाइल आइडिया देता नजर आया।
नींबू-हरा रंग बना पूरे लुक की जान
कंगना की साड़ी का सबसे पहला आकर्षण उसका नींबू-हरा रंग था। तीज जैसे त्योहार पर हरा रंग वैसे भी खूब पसंद किया जाता है, लेकिन इस चमकीले शेड ने साड़ी को थोड़ा अलग अंदाज दिया। पल्लू पर कोरल और गुलाबी रंगों से बने पेड़-पक्षियों के पैटर्न ने सादे रंग को जीवंत बना दिया।
कंगना ने साड़ी को बहुत ही सिंपल और ऐलीगेंट ड्रेपिंग स्टाइल के साथ फ्लॉन्ट किया था। लूज उल्टा पल्ला का लुक कंगना के ब्लाउज के साथ और भी अच्छा लग रहा था। उन्होने साड़ी के साथ मैचिंग बोट नेक वाला ब्लाउज पहना हुआ था। इस साड़ी का क्लासिक लुक ब्लाउज की वजह से दुगना हो गया है।
गहनों में दिखी पुरानी चमक
साड़ी के साथ कंगना ने सोने, मोती और कुंगन वाले पारंपरिक गहने पहने थे। चोकर और झुमकों ने उनके पहनावे में त्योहार वाली शाही चमक जोड़ दी। हाथों में भी कंगना ट्रेडिशनल लुक वाले कंगन स्टाइल किए हुए थे।
कंगना ने बालों को लो स्लीक बन बनाया हुआ था। और माथे पर बिंदी लगाई थी। यह छोटा-सा बदलाव पूरे पहनावे को भारतीय रूप देने के लिए काफी था। कंगना आमतौर पर इसी तरह के लुक्स फ्लॉन्ट करती हैं और वाकई उनपर साड़ी और ऐसी ज्वेलरी बहुत अच्छी लगती है।
हरियाली तीज के मौके पर अगर आपको भी कोई ट्रेडिशनल लुक वाली साड़ी पहननी है। तो कंगना जैसी साड़ी का चुनाव कर सकती हैं। नींबू हरा रंग और उसके साथ हल्की शाइन वाला ब्लश पिंक कलर बहुत ही फ्रेश कॉम्बिनेशन लग रहा है।
