How To: गर्मियों का मौसम आते ही ठंडे, रसदार और पानी से भरपूर फलों की याद सबसे पहले आती है—और इस लिस्ट में तरबूज (Watermelon) का नाम सबसे ऊपर होता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच एक ठंडा तरबूज न सिर्फ स्वाद देता है, बल्कि शरीर को हाइड्रेट रखने में भी मदद करता है। लेकिन जितना मजेदार इसे खाना है, उतनी ही परेशानी इसके बीज कभी-कभी बना देते हैं। खासकर बच्चों और जल्दी-जल्दी खाने वालों के लिए हर बाइट में बीज निकालना झंझट भरा काम लग सकता है।
तरबूज से बीज निकालने के स्मार्ट तरीके
अगर आप भी इसी परेशानी से जूझते हैं, तो अब चिंता छोड़ दीजिए। कुछ आसान ट्रिक्स अपनाकर आप तरबूज के बीज मिनटों में अलग कर सकते हैं - वो भी बिना गूदे को खराब किए।
पहले ठंडा करें तरबूज
सबसे पहला और जरूरी स्टेप हैं - तरबूज को ठंडा करना। कई लोग सीधे बाजार से लाकर काट देते हैं, लेकिन अगर आप इसे कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रख दें या ठंडे पानी में डाल दें, तो फर्क साफ नजर आएगा। ठंडा तरबूज थोड़ा सख्त हो जाता है, जिससे काटते समय वह बिखरता नहीं है। यही कारण है कि बीज निकालना भी ज्यादा आसान हो जाता है।
सही तरीके से काटना है जरूरी
अब तरबूज को काटने की बारी आती है। सबसे पहले इसके ऊपर और नीचे का थोड़ा-सा हिस्सा काट लें ताकि यह फ्लैट होकर स्थिर खड़ा रह सके। इसके बाद इसे बीच से दो बराबर हिस्सों में काट लें। यह छोटा सा स्टेप आगे की पूरी प्रक्रिया को आसान और सुरक्षित बना देता है।
छिलका हटाएं सावधानी से
अब एक आधा हिस्सा लें और चाकू की मदद से उसका हरा छिलका धीरे-धीरे निकाल दें। कोशिश करें कि लाल गूदे का कम से कम हिस्सा कटे। जितना साफ और स्मूद गूदा रहेगा, उतना ही आगे काम आसान होगा। इस स्टेप के बाद आपके पास पूरी तरह तैयार, बिना छिलके का तरबूज होगा।
स्लाइस बनाते समय ध्यान दें बीज की लाइन पर
अब इस गूदे को स्लाइस में काट लें। ध्यान से देखने पर आपको एक दिलचस्प बात पता चलेगी - तरबूज के अंदर बीज एक खास पैटर्न या लाइन में लगे होते हैं। यह नेचुरल डिजाइन ही आपकी सबसे बड़ी मदद है। बस आपको इन्हीं लाइनों को पहचानना है।
बीज निकालने की स्मार्ट ट्रिक
अब असली काम शुरू होता है। जिस स्लाइस में बीज की लाइन दिख रही है, उसे उसी लाइन के अनुसार हल्का-सा मोड़ें या तोड़ें। जैसे ही आप ऐसा करेंगे, बीज अपने आप अलग होने लगेंगे। आपको एक-एक बीज निकालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह तरीका न सिर्फ तेज है, बल्कि गूदे को भी खराब नहीं करता।
क्यों है ये तरीका सबसे बेहतर
इस ट्रिक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें मेहनत कम लगती है और समय भी बचता है। अगर घर में बच्चे हैं या मेहमान आने वाले हैं, तो आप पहले से ही बीज निकालकर तरबूज सर्व कर सकते हैं। इससे खाने का मजा दोगुना हो जाता है और बार-बार बीज निकालने का झंझट खत्म।
अगर आपको बाजार में बिना बीज वाला तरबूज (seedless) मिल जाए तो वह भी अच्छा विकल्प हो सकता है, लेकिन उसमें कभी-कभी स्वाद थोड़ा हल्का होता है। ऐसे में ये आसान तरीका आपके काम जरूर आएगा।
यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।
