गर्मी हो या बारिश, दस्त और उल्टी जैसी परेशानी कभी भी हो सकती है। ऐसे समय शरीर से सिर्फ पानी ही नहीं, बल्कि जरूरी नमक और दूसरे इलेक्ट्रोलाइट्स भी निकलते हैं। यही वजह है कि केवल पानी पीना हर बार पर्याप्त नहीं होता। ORS यानी Oral Rehydration Solution शरीर में खोए पानी औरइलेक्ट्रोलाइट्स की भरपाई करने में मदद करता है।
WHO के अनुसार, अगर ORS का पैकेट उपलब्ध नहीं है, तो घर पर भी चीनी और नमक की मदद से इसका घोल तैयार किया जा सकता है। लेकिन यहां सबसे जरूरी चीज है सही मात्रा। नमक या चीनी अंदाज से ज्यादा डालना सही नहीं है। इसलिए आज रसोई में मौजूद इन दो साधारण चीजों से ORS जैसा घरेलू घोल बनाने का आसान तरीका समझते हैं। साथ ही जानें इसे बनाते समय कौन-सी छोटी गलतियां बिल्कुल नहीं करनी चाहिए।
घर पर ORS बनाने के लिए क्या चाहिए?
- 1 लीटर साफ पीने का पानी
- 6 छोटी चम्मच चीनी
- आधी छोटी चम्मच नमक
स्वाद कैसा होना चाहिए?
घोल बहुत ज्यादा नमकीन नहीं होना चाहिए। अगर गलती से नमक ज्यादा पड़ गया है, तो उसे पीने के लिए इस्तेमाल करने के बजाय नया घोल बनाना बेहतर है। अंदाज से नमक डालने की बजाय आधी छोटी चम्मच की सही मात्रा नापना सबसे जरूरी है।
साथ ही ये भी ध्यान रखें कि, घर का ORS स्वाद के लिए नहीं, बल्कि शरीर में पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी पूरी करने के लिए है। इसमें नींबू, ग्लूकोज पाउडर, जूस या एक्स्ट्रा चीनी अपनी तरफ से मिलाने की जरूरत नहीं है। जितना आसान फॉर्मूला, उतना बेहतर।
ORS बनाकर कितनी देर रखें?
घोल को साफ और ढके हुए बर्तन में रखें और लंबे समय तक बचाकर न रखें। WHO की सामग्री में तैयार घरेलू घोल को 24 घंटे के भीतर इस्तेमाल करने और बचा हुआ घोल फेंकने की सलाह दी गई है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - मानसून में भी हो सकता है डिहाइड्रेशन का खतरा, जानिए ORS कब बनता है सबसे बड़ा सहारा
हालांकि जहां संभव हो, तैयार ORS पैकेट को उसके पैकेट पर लिखे निर्देश के अनुसार बनाना ज्यादा सुविधाजनक रहता है।
