Baal Mithai: उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, खबूसूरत वादियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए दुनिया भर में मशहूर है। लेकिन इस राज्य का एक और अनमोल खजाना है- बाल मिठाई। अगर किसी से पूछा जाए कि 'बाल मिठाई का शहर' कौन सा है, तो जवाब होगा- अल्मोड़ा। यह खूबसूरत पहाड़ी जिला न सिर्फ अपनी घाटियों, मंदिरों और ठंडी हवाओं के लिए जाना जाता है, बल्कि अपनी विशिष्ट मिठाई के स्वाद के लिए भी प्रसिद्ध है।
अल्मोड़ा की मशहूर बाल मिठाई (Photo: AI Image)
बाल मिठाई: उत्तराखंड की अपनी 'चॉकलेट'
बाल मिठाई को उत्तराखंड की चॉकलेट कहा जाता है। देखने में यह गहरे भूरे रंग की होती है, लेकिन इसमें कोको का इस्तेमाल नहीं होता। यह पूरी तरह दूध के खोये से बनाई जाती है। इस मिठाई की सबसे बड़ी पहचान इसके ऊपर लगे सफेद चीनी के छोटे-छोटे दाने हैं, जो इसे एक अनोखा कुरकुरापन देते हैं। खोये की मलाईदार मिठास और उन चीनी के दानों का मेल बाल मिठाई को अन्य मिठाइयों से पूरी तरह अलग और लाजवाब बनाता है। एक बार स्वाद लेने वाला इसे कभी नहीं भूल पाता।
Read Also: गर्मी और लू का काल हैं ये 10 देसी पकवान
बाल मिठाई का इतिहास
बाल मिठाई को लोकप्रिय बनाने का श्रेय 20वीं सदी के शुरुआती दौर के प्रसिद्ध हलवाई लाला जोगाराम को जाता है। उनकी दुकान अल्मोड़ा के लाल बाजार में थी। उन्होंने दूध को विशेष तरीके से पकाकर खोया तैयार किया और उसे एक नया स्वरूप दिया। उनकी मेहनत और गुणवत्ता के कारण यह मिठाई धीरे-धीरे अल्मोड़ा की सांस्कृतिक पहचान बन गई। आज अल्मोड़ा में सैकड़ों दुकानें बाल मिठाई बेचती हैं, लेकिन मूल स्वाद अभी भी उसी पारंपरिक तरीके से बनाए जाने की वजह से बरकरार है।
बाल मिठाई का नेपाल से संबंध
इतिहासकारों का मानना है कि बाल मिठाई की जड़ें 7वीं-8वीं शताब्दी तक जाती हैं। कुछ विद्वान मानते हैं कि यह मूल रूप से नेपाल से उत्तराखंड आई थी। प्राचीन मान्यताओं के अनुसार, इसे सूर्य देवता को प्रसाद के रूप में चढ़ाया जाता था, जिससे इसकी धार्मिक महत्ता और बढ़ जाती है।
अंग्रेजों ने दिलाई ग्लोबल पहचान
बाल मिठाई का जादू केवल स्थानीय लोगों तक सीमित नहीं रहा। ब्रिटिश शासन के दौरान अंग्रेज अधिकारी इस मिठाई के इतने दीवाने थे कि वे क्रिसमस और अन्य त्योहारों पर इसे एक-दूसरे को उपहार स्वरूप भेजते थे। आज यह मिठाई सीमाओं को पार कर अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी और कई अन्य देशों तक पहुंच चुकी है। अल्मोड़ा आने वाले पर्यटक इस 'ब्राउन गोल्ड' को अपने साथ ले जाना कभी नहीं भूलते।
कुल मिलाकर अल्मोड़ा की बाल मिठाई उत्तराखंड के पहाड़ों की विरासत, स्वाद की परंपरा और सांस्कृतिक गौरव का मीठा प्रतीक है। अगर आप कभी उत्तराखंड जाएं, तो अल्मोड़ा घूमना और यह लाजवाब मिठाई चखना ना भूलें। एक बार इसका स्वाद लेने के बाद आप भी मानेंगे कि यह वाकई उत्तराखंड की अपनी चॉकलेट है।
