लाइफस्टाइल

गर्मी की तेज धूप से मुरझा गए हैं पौधे? मिट्टी में देर तक रहेगी नमी, बस अपनाएं ये स्मार्ट देसी ट्रिक्स

क्या तेज गर्मी में आपके पौधे भी मुरझाने लगे हैं? कुछ आसान देसी ट्रिक्स अपनाकर मिट्टी में लंबे समय तक नमी बनाए रखी जा सकती है। सही देखभाल मिलने पर तेज धूप में भी आपकी बगिया हरी-भरी और ताजा दिखेगी

Image

Garmi mein paudhon ko kaise bachayen

चुभती जलती कड़ाके की गर्मी वाला ये मौसम सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि पौधों के लिए भी काफी मुश्किल भरा होता है। चिलचिलाती तेज धूप, गर्म हवाएं और तेजी से सूखती मिट्टी की वजह से कई बार हरे-भरे पौधे भी मुरझाने लगते हैं। सुबह पानी देने के बावजूद दोपहर तक गमलों की मिट्टी सूखी दिखाई देने लगती है। ऐसे में लोग सोचते हैं कि ज्यादा पानी डालने से पौधे हेल्दी रहेंगे, लेकिन हमेशा ऐसा करना सही नहीं माना जाता।

असल में पौधों को सिर्फ पानी नहीं, बल्कि सही तरीके से नमी बनाए रखने की जरूरत होती है। अगर मिट्टी लंबे समय तक नम रहे, तो पौधों की जड़ें बेहतर तरीके से पानी सोख पाती हैं और पौधे ज्यादा समय तक फ्रेश दिखाई देते हैं। अच्छी बात यह है कि इसके लिए महंगे गार्डनिंग प्रोडक्ट्स खरीदने की जरूरत नहीं होती। कुछ आसान घरेलू और देसी ट्रिक्स आपकी बगिया को गर्मियों में भी हरा-भरा बनाए रख सकती हैं।

मिट्टी पर सूखी पत्तियां बिछाएं

गमले की मिट्टी के ऊपर सूखी पत्तियां, नारियल का छिलका या घास बिछाने से नमी जल्दी नहीं उड़ती। इसे मल्चिंग कहा जाता है और यह गर्मियों में काफी फायदेमंद माना जाता है।

सुबह या शाम में ही पानी दें

दोपहर की तेज धूप में पानी देने से मिट्टी जल्दी सूख सकती है। इसलिए पौधों को सुबह जल्दी या शाम के समय पानी देना बेहतर माना जाता है।

मिट्टी में कोकोपीट मिलाएं

कोकोपीट या पुरानी खाद मिट्टी में मिलाने से पानी ज्यादा देर तक बना रहता है। इससे पौधों की जड़ें भी मजबूत बनी रहती हैं।

Summer Plant Care Tips in Hindi

Summer Plant Care Tips in Hindi

प्लास्टिक बोतल वाला जुगाड़

एक पुरानी बोतल में छोटे छेद करके उसे गमले में उल्टा लगा दें। इससे धीरे-धीरे पानी जड़ों तक पहुंचता रहेगा और मिट्टी लंबे समय तक नम बनी रह सकती है।

जरूरत से ज्यादा पानी न डालें

कई लोग बार-बार पानी डाल देते हैं, जिससे जड़ें खराब हो सकती हैं। पौधों की जरूरत के हिसाब से ही सिंचाई करें।

समय-समय पर मिट्टी ढीली करें

मिट्टी को हल्का ढीला करने से हवा और पानी जड़ों तक आसानी से पहुंच पाता है। इससे पौधे ज्यादा हेल्दी बने रहते हैं। बहुत ज्यादा धूप वाले पौधों को दोपहर में हल्की छांव देना फायदेमंद रहता है, इससे पत्तियां नहीं झुलसती। थोड़ी-सी सही देखभाल और आसान देसी उपाय अपनाकर गर्मियों में भी आपकी बगिया ताजगी और हरियाली से भरी रह सकती है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोला author

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक... और देखें

End of Article