How to grow dragon fruit at home, घर पर ड्रेगन फ्रूट कैसे उगाएं: ड्रैगन फ्रूट देखने में जितना आकर्षक लगता है, इसे घर पर उगाने का तरीका उतना मुश्किल नहीं है। अगर आपके पास धूप वाली बालकनी, छत या छोटा-सा बगीचा है, तो आप इसके बीजों से पौधा तैयार करने की कोशिश कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए किसी महंगे पौधे की जरूरत नहीं, बल्कि बाजार से लाए गए पके ड्रैगन फ्रूट के बीज ही काम आ सकते हैं। हालांकि बीज से तैयार पौधे को फल देने में समय लग सकता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - चाय की चुस्की में बसा भारत का भूगोल, यहां मौसम के मिजाज से तय होता है चाय का स्वाद
Urban Gardening चैनल वाले मोहित कुमार सिंह के अनुसार, ड्रैगन फ्रूट के बीजों को सही तरीके से तैयार करके हल्की मिट्टी में बोया जाए और शुरुआती दिनों में नमी बनाए रखी जाए, तो उनसे अंकुर निकल सकते हैं। यानी फल खाने के बाद बीजों को फेंकने के बजाय आप उनसे अपने घर के लिए एक नया पौधा तैयार करने की कोशिश कर सकते हैं।
सबसे पहले ऐसे निकालें बीज
इसके लिए बहुत पका हुआ ड्रैगन फ्रूट लें। फल को काटकर उसके गूदे से कुछ छोटे काले बीज अलग कर लें। बीजों को साफ करके पानी में करीब 24 घंटे भिगोया जा सकता है। इसके बाद इन्हें बुआई के लिए तैयार करें।
मिट्टी कैसी होनी चाहिए?
ड्रैगन फ्रूट को ऐसी मिट्टी पसंद होती है जिसमें पानी जमा न हो। बाजार में मिलने वाला कैक्टस मिश्रण इस्तेमाल किया जा सकता है। घर पर मिश्रण तैयार करना हो तो बगीचे की मिट्टी, अच्छी तरह सड़ी जैविक खाद और रेत को मिलाकर हल्की मिट्टी बनाई जा सकती है। गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर हों।
बीज बोते समय एक गलती न करें
बीजों को मिट्टी में बहुत गहराई तक दबाने की जरूरत नहीं है। उन्हें मिट्टी की सतह पर फैलाकर ऊपर से बहुत पतली परत डालें। इसके बाद पानी डालने के बजाय हल्का छिड़काव करें, ताकि बीज अपनी जगह से न बहें। शुरुआती दिनों में मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखना जरूरी है।
अंकुर निकलने के बाद क्या करें?
अनुकूल तापमान और देखभाल मिलने पर करीब एक से दो सप्ताह में छोटे अंकुर दिखाई दे सकते हैं। इस समय पौधे को पर्याप्त रोशनी वाली जगह दें। जब पौधा बड़ा होने लगे और उसकी जड़ें पर्याप्त मजबूत हो जाएं, तब उसे बड़े गमले में स्थानांतरित किया जा सकता है।
ड्रैगन फ्रूट एक चढ़ने वाला कैक्टस है, इसलिए आगे चलकर उसे मजबूत सहारे की जरूरत पड़ती है। बड़ा गमला चुनते समय जल निकासी और पौधे के बढ़ने की जगह का ध्यान रखें।
कब आएंगे फल
पौधा तैयार हो जाना और उस पर फल आ जाना दो अलग बातें हैं। बीज से तैयार पौधे को फल देने में काफी समय लग सकता है। पर्याप्त धूप, नियंत्रित पानी, पोषक तत्व और मजबूत सहारा उसके विकास के लिए जरूरी हैं। फूल आने के बाद फल को पकने में भी कुछ समय लगता है।
पका हुआ फल आमतौर पर अपनी किस्म के अनुसार लाल या पीले रंग का दिखाई देता है। घर पर उगाए गए फल को तोड़ने से पहले उसके रंग और पकने की स्थिति को देखना चाहिए।
