Dandruff during winter: सर्दियों के मौसम में स्किन और हेयर केयर समस्या बन जाती है। लोग रूखे और बेजान बालों के साथ-साथ डैंड्रफ की समस्या से परेशान रहते हैं। ठंडी हवाएं त्वचा की नमी चुरा लेती हैं। ऐसे में स्किन और हेयर रफ नजर आने लगते हैं। इसके साथ ही डैंड्रफ की समस्या बढ़ जाती है। बालों के साथ-साथ स्किन की सही देखभाल के लिए इस मौसम में कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। सबसे जरूरी है पर्याप्त पानी पीना। कम पानी के कारण शरीर को कई तरह से हानि पहुंचती है जिसका असर बालों पर भी नजर आता है। पानी के साथ-साथ पोषक आहार जरूरी है। इस मौसम में मिलने वाले हेल्दी नट्स जैसे बादाम, मूंगफली, अखरोट बालों के लिए फायदेमंद हैं।
गुनगुने तेल से मसाज और हेयर मास्क का करें उपयोग
गर्म पानी से बाल धोना
ठंड में अक्सर लोग बाल धोने के लिए गर्म पानी का इस्तेमाल करते हैं। बहुत अधिक गर्म पानी से बाल धोने से बालों को नुकसान पहुंचता है। साथ ही डैंड्रफ की समस्या भी बढ़ सकती है। बाल रूखे और बेजान भी हो सकते हैं।इसलिए हमेशा गुनगुने पानी से ही बालों को वॉश करें।
स्कैल्प को ड्राई रखना
ड्राई स्कैल्प सर्दियों में डैंड्रफ बढ़ने का सबसे प्रमुख कारण है। इससे खुजली होती है और सिर की डेड स्किन डैंड्रफ के रूप में नजर आने लगते हैं। यह शुष्क हवा और मालासेजिया फंगस के कारण भी होता है। बालों में समय-समय पर ब्रश नहीं करना इस समस्या को और बढ़ा देता है।
मसाज नहीं करना
ठंड के मौसम में शैंपू करने के पहले मसाज करना न भूलें। अपनी पसंद का हेयर ऑयल यूज करें पर मसाज से पहले उसे गुनगुना कर लें। नियमित मसाज से स्कैल्प के रूखेपन में कमी आएगी जो डैंड्रफ की समस्या कम करने में मददगार साबित होगी।
हेयर मास्क का करें उपयोग
अत्यधिक ठंड या बालों के ज्यादा रूखे हो जाने पर हेयर मास्क का उपयोग फायदेमंद साबित हो सकता है। ठंड के मौसम में अंडे का हेयर मास्क सबसे अच्छा उपाय हो सकता है। इसके अलावा दही का भी उपयोग हेयर मास्क के रूप में किया जा सकता है। ध्यान रखें दही ठंडा न हो। बालों में हिना पैक लगाना भी सही रहता है। हिना लगाते समय उसे गुनगुना करें और उसमें दो से तीन लौंग कूटकर डाल लें, इससे आपके सिर में ठंड नहीं बैठेगी।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह के ब्यूटी रुटीन से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
