लाइफस्टाइल

आज पीली जर्सी में आखिरी बार दिखेंगे धोनी? थाला के IPL करियर से सीखें जीवन के ये जरूरी सबक

MS Dhoni: हम महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल करियर से बहुत सी ऐसी बातें सीख सकते हैं जो हमें जीवन में सफलता के शिखर तक ले जा सकते हैं।

Image

IPL 2026: जीवन में सफलता के कई अनमोल सबक सिखाता है धोनी का आईपीएल करियर

MS Dhoni: यूं तो आज आईपीएल 2026 (IPL 2026) में चेन्नई सुपरकिंग्स(CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद(SRH) के बीच मुकाबला है। लेकिन मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक में ये चर्चा जोरों पर है कि क्या महेंद्र सिंह धोनी आज अपने आईपीएल करियर का आखिरी मैच खेलेंगे। इस तरह की चर्चा के पीछे बहुत से कारण हैं। हालांकि कारण जो भी हों, धोनी का अब तक का आईपीएल करियर किसी करिश्मे से कम नहीं रहा है। धोनी का आईपीएल करियर हर किसी को जीवन में सफलता के कई अनमोल सबक भी सिखाता है।

आइए जानते हैं कि हम महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल करियर से कौन सी ऐसी बातें सीख सकते हैं जो हमें जीवन में सफलता के शिखर तक ले जा सकते हैं:

1. मुश्किल में भी शांत रहना: धोनी के IPL करियर से हम मुश्किल समय में भी शांत रहना सीख सकते हैं। वह सिखाते हैं कि जीवन में धैर्य और शांत स्वभाव फैसले तो बेहतर बनाता है।

2. सफलता से जरूरी निरंतरता: हर सीजन में खुद को साबित करना आसान नहीं होता। धोनी ने दिखाया कि लगातार मेहनत ही असली पहचान बनाती है।

3. टीम को साथ लेकर चलना: धोनी ने हमेशा युवा खिलाड़ियों को मौका दिया और उन पर भरोसा जताया। अच्छा लीडर वही होता है जो दूसरों को आगे बढ़ाए।

4. आलोचना से टूटें नहीं, सीखें: धोनी को कई बार आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने जवाब जुबान से नहीं, अपने प्रदर्शन से दिया।

5. उम्मीद नहीं छोड़ना : धोनी ने कई लगभग हारे हुए मैच आखिरी गेंद तक लड़कर जिताए। जिंदगी भी अकसर आपसे आपकी एक आखिरी कोशिश मांगती है।

6. बड़े फैसले लेने का साहस: कई बार उनके फैसले लोगों को चौंकाते थे, लेकिन वही फैसले टीम को जीत दिलाते थे। धोनी का यह गुण सिखाता है कि जिंदगी में जोखिम लेना जरूरी है।

7. विनम्रता ही महानता: धोनी के नेतृत्व में सीएसके ने 5 बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। इतनी सफलता के बाद भी धोनी हमेशा जमीन से जुड़े रहे। विनम्रता इंसान की सबसे बड़ी खूबसूरती है।

8. भरोसा की मजबूती: धोनी ने टीम के खिलाड़ियों पर कभी हार का ठीकरा नहीं फोड़ा। हमेशा अपने साथी खिलाड़ियों पर भरोसा किया र वही भरोसा टीम की ताकत बना। रिश्ते भी विश्वास से चलते हैं।

9. सफलता का शोर: अपने पूरे आईपीएल करियर में धोनी ने कभी खुद को साबित करने के लिए दिखावा नहीं किया। उनके काम ने ही उन्हें करोड़ों लोगों का प्रेरणास्रोत बना दिया।

अंत में सब मिलाकर देखा जाए तो धोनी का आईपीएल करियर हमें यह सिखाता है कि जिंदगी में सफलता केवल ट्रॉफी से नहीं मापी जाती। असली जीत अपने व्यवहार, धैर्य और संघर्ष से लोगों के दिलों में जगह बनाने में होती है।

Suneet Singh
सुनीत सिंह author

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे ... और देखें

End of Article