भारतीय में मेहमान को भगवान समझा जाता है। लोग एक दूसरे के घर मेहमान बन कर जाते हैं। सामने वाले की मेजबानी के मजे लेते हैं और फिर अपने घर लौट आते हैं। इन सबके बीच हम ये भूल जाते हैं कि एक अच्छा मेहमान बनना भी उतना ही जरूरी है, जितना एक अच्छा मेजबान होना। कई बार जाने-अनजाने में हमारी कुछ आदतें सामने वाले को असहज कर देती हैं। ऐसे में वह हमसे दूरी बनाने लगता है। तो अगर आप भी अपने किसी रिश्तेदार, दोस्त या परिचित के घर मेहमान बनकर जा रहे हैं, तो कुछ बातों का जरूर ध्यान रखें:
मेहमान बनें तो मेजबान की इन बातों का जरूर रखें ध्यान (Photo: iStock)
बिना बताए न पहुंचें
भले ही सामने वाला आपका कितना भी करीबी क्यों न हों, लेकिन अचानक किसी के घर पहुंच जाना सही नहीं माना जाता। पहले फोन या मैसेज से आने की जानकारी दें। ये आम शिष्टाचार का हिस्सा है। इससे सामने वाले को तैयारी का समय भी मिल जाता है।
खाली हाथ न जाएं
किसी के घर खाली हाथ नहीं जाना चाहिए। जाते समय कोई उपहार, मिठाई या फल लेकर जाना अच्छा माना जाता है। यह मेजबान के प्रति सम्मान और अपनापन दिखाने का एक तरीका है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बेकार समझकर ना फेकें चाय पत्ती
मेजबान के नियमों का सम्मान करें
हर परिवार के अपने तौर-तरीके और नियम होते हैं। कहीं जूते बाहर उतारने का नियम होता है तो कहीं खाने-पीने का अलग तरीका। ऐसे में बतौर मेहमान हमारा फर्ज बनता है कि हम मेजबान के नियमों का सम्मान करें।
जरूरत से ज्यादा दखल न दें
मेहमान बनकर किसी के निजी मामलों, आर्थिक स्थिति या पारिवारिक बातों में ज्यादा सवाल पूछना ठीक नहीं है। हर व्यक्ति की अपनी निजी सीमाएं होती हैं, जिनका सम्मान करना जरूरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कैसे होते हैं कभी घड़ी ना पहनने वाले लोग
खाने को लेकर नखरे न दिखाएं
अगर आपके लिए विशेष रूप से खाना बनाया गया है तो उसकी सराहना जरूर करें। यदि किसी चीज से एलर्जी है या आप उसे नहीं खाते, तो विनम्रता के साथ अपनी बात रखें। खाने की बुराई करना या बार-बार शिकायत करना मेजबान को बुरा लग सकता है।
अपनी लिमिट समझें
किसी के यहां सहज होना अच्छी बात है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप बिना पूछे अलमारी खोलें, टीवी का रिमोट संभाल लें या हर चीज में हस्तक्षेप करने लगें। दूसरों की निजी जगह का सम्मान करना भी जरूरी है।
आभार जताना न भूलें
विदा लेते समय मेजबान का धन्यवाद जरूर करें। अगर उन्होंने आपके लिए समय निकाला, खाने-पीने का इंतजाम किया या आपको आरामदायक महसूस कराया, तो उनकी सराहना करना रिश्तों में मिठास बनाए रखता है।
