ChatGPT 80s Trend, Photo Prompt: इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप खोलते ही आपको भी एक पल के लिए ऐसा लग रहा होगा जैसे फोन नहीं, कोई पुराना फोटो एलबम खुल गया है! वही बड़े-बड़े बाल, चौड़े कॉलर वाली शर्ट, चमकीली साड़ियां, बड़े झुमके, सनग्लासेस और तस्वीरों पर हल्का-सा पुराना कैमरा वाला असर। फर्क बस इतना है कि इन तस्वीरों में चेहरे आज के हैं, लेकिन पूरा अंदाज 80s का है।
सोशल मीडिया पर इन दिनों ChatGPT 80s Photo Trend खूब दिखाई दे रहा है, जहां लोग अपनी सामान्य तस्वीरों को 1980 के दशक के रेट्रो फैशन और बॉलीवुड वाले ग्लैमर में बदल रहे हैं। यह ट्रेंड सिर्फ फोटो को पुराना दिखाने तक सीमित नहीं है। इसमें उस दौर के कपड़े, हेयरस्टाइल, मेकअप, ज्वेलरी, पोज, बैकग्राउंड और कैमरा टेक्सचर तक को दोबारा रिइमैजिन किया जा रहा है। यही वजह है ये 80s फोटो ट्रेंड सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
आखिर ये 80s ट्रेंड है क्या?
सीधी भाषा में समझें तो इस ट्रेंड में आपकी आज की तस्वीर को एआई यह कल्पना करके दोबारा बनाता है कि अगर यही फोटो 1980 के दशक में खींची गई होती तो कैसी दिखती। लेकिन इस ट्रेंड की असली ताकत सिर्फ एआई नहीं, बल्कि नॉस्टैल्जिया है।
1980 का दौर आज की तरह बेहद साफ कैमरा, चमकदार फिल्टर और परफेक्ट तस्वीरों वाला नहीं था। तस्वीरों में हल्का फिल्म ग्रेन होता था, रंग कुछ सॉफ्ट दिखाई देते थे और फोटो का पूरा लुक ज्यादा विंटेज क्लासिक लगता था। ऊपर से उस दौर का फैशन अपने आप में अलग था। बड़े बाल, चौड़े कंधों वाले कपड़े, चमकीले रंग, बड़े चश्मे और स्टूडियो पोर्ट्रेट का अंदाज.. इन्हीं चीजों को 80s ट्रेंड में आज की तस्वीरों के साथ जोड़कर मॉडर्न और विंटेज चार्म का क्लासिक कॉम्बिनेशन तैयार किया जा रहा है।
Gen Z क्यों हो रहे दीवाने
80s वाला ये फोटो ट्रेंड जेन जी से लेकर मिलेनियल तक हर किसी के बीच सुर्खियों में है। मोबाइल फोन में फोटो खींच सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले दौर में अगर विंटेज एल्बल जैसे फोटो मिले तो बात वायरल होने वाली है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि, हर किसी को यह जानने की उत्सुकता है कि वह दूसरे दौर में कैसा दिखाई देता। किसी के लिए यह अपने माता-पिता की पुरानी तस्वीरों जैसा लुक पाने का तरीका है। किसी को पुराने बॉलीवुड पोस्टर वाली वाइब पसंद आ रही है। कुछ लोग इसे सिर्फ मजे के लिए बना रहे हैं।
46 साल पुराना फैशन आज वायरल
80s वाले फोटोज को रिक्रिएट करने का ये ट्रेंड सिर्फ एआई का मामला न रहकर फैशन स्टोरी बन गया है। आज का फैशन अक्सर साफ-सुथरे कट, मिनिमल डिजाइन और कम एक्सेसरीज की तरफ जाता है। 80s में मामला बिल्कुल उलटा था। उस समय मैक्सिमलिज्म फैशन का दौर था।
बड़े बाल, ज्यादा वॉल्यूम, चौड़े कंधे, चमकीले रंग, बड़े झुमके, चौड़े बेल्ट, प्रिंटेड कपड़े और बोल्ड सनग्लासेस उस दौर की पहचान थे। महिलाओं के लुक में साड़ी के साथ बड़े ब्लाउज, चौड़े बॉर्डर और स्टेटमेंट ज्वेलरी खूब दिखाई देती थी। पुरुषों के फैशन में चौड़ी कॉलर वाली शर्ट, ऊंची कमर वाली पैंट, जैकेट और बड़े चश्मे खास अंदाज देते थे। यही फर्क आज के Gen Z को 46 साल पुराने फैशन की ओर खींच रहा है।
बॉलीवुड का 80s फैशन आज भी आइकॉनिक
इन एआई तस्वीरों में वायरल 80s फैशन का जुड़ाव हिंदी सिनेमा से है।बेशक ही भारतीय 80s फैशन को बॉलीवुड से अलग करके देखना मुश्किल है। श्रीदेवी के ग्लैमरस हेयर और रंगीन आउटफिट, रेखा की साड़ी और ज्वेलरी, हेमा मालिनी का क्लासिक भारतीय अंदाज और अमिताभ बच्चन का मजबूत हीरो लुक आज भी 80s की फैशन कल्पना का हिस्सा हैं। इसी तरह मिथुन चक्रवर्ती वाला डिस्को अंदाज भी उस दशक की पहचान से जुड़ा हुआ है।
आलिया-दीपिका का 80s लुक वायरल
80s ट्रेंड की दीवानगी अब आम सोशल मीडिया यूजर्स तक ही सीमित नहीं है। आज के बॉलीवुड सितारों की एआई से बनाई गई रेट्रो तस्वीरें भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं।
फैंस आलिया भट्ट से लेकर दीपिका पादुकोण सिद्धार्थ, रणवीर तक की तस्वीरों को इस प्रॉम्पट पर डालकर फोटोज बना रहे हैं। 80s के हेयरस्टाइल, साड़ी, बोल्ड ज्वेलरी और पुराने बॉलीवुड ग्लैमर के साथ आज के बॉलीवुड सितारे वाकई काफी क्लासी लग रहे हैं। इन तस्वीरों में चेहरा आज का है, लेकिन पूरा अंदाज ऐसा लगता है जैसे किसी पुराने फिल्मी एलबम से निकलकर आया हो।
अपनी 80s फोटो कैसे बनाएं?
सबसे पहले एक साफ फोटो चुनें। चेहरा जितना क्लियर होगा, फोटो का रिजल्ट उतना बेहतर आने की संभावना रहती है।
फिर फोटो ChatGPT में अपलोड करके ऐसा प्रॉम्प्ट दे सकते हैं:
ChatGPT 80s Photo Trend Prompt: इस तस्वीर को 1980 के दशक की भारतीय फैशन फोटोग्राफी से प्रेरित रेट्रो पोर्ट्रेट में बदलें। चेहरे की पहचान और प्राकृतिक चेहरे की विशेषताएं बरकरार रखें। 80s के वॉल्यूम वाले हेयरस्टाइल, चमकीले लेकिन उस दौर के अनुरूप कपड़े, बड़े स्टेटमेंट ईयररिंग्स, पुराने स्टूडियो बैकग्राउंड, गर्म सॉफ्ट लाइट, हल्का फिल्म ग्रेन और एनालॉग कैमरा टेक्सचर रखें। तस्वीर ऐसी लगे जैसे 1986 में किसी भारतीय फोटो स्टूडियो में खींची गई हो, न कि आज की फोटो पर लगाया गया फिल्टर।
- अगर आप महिला वाला लुक चाहते हैं तो इसमें साड़ी, बड़े झुमके, विंटेज ब्लाउज, कर्ली हेयर जोड़ सकते हैं।
- पुरुषों के लिए चौड़ी कॉलर वाली शर्ट, रेट्रो जैकेट, मूंछ, बड़े चश्मे और पुरानी कार जैसे एलिमेंट जोड़े जा सकते हैं।
80 का दशक गया.. लेकिन स्टाइल नहीं
शायद यही वजह है कि 80s की ये एआई तस्वीरें लोगों को इतनी पसंद आ रही हैं। इनमें सिर्फ पुराने कपड़े या बड़े बाल नहीं हैं, बल्कि वह बेफिक्र अंदाज भी है जो आज के परफेक्ट सोशल मीडिया लुक में कहीं-कहीं गायब सा लगता है। उस दौर में फोटो खिंचवाना भी एक छोटा-सा इवेंट होता था और एक तस्वीर में पूरा व्यक्तित्व नजर आता था।
आज एआई ने उस दौर को दोबारा बनाना आसान कर दिया है। आप चाहें तो खुद को 80s की शादी में देख सकते हैं, पुराने फोटो स्टूडियो में पोज दे सकते हैं या फिर किसी फिल्मी मैगजीन के कवर का हिस्सा बन सकते हैं।
यानी ट्रेंड भले ही एआई का हो, असली आकर्षण 80s के उस अंदाज का है, जिसे देखकर आज की पीढ़ी भी कह रही है कि, थोड़ा पुराना होना इतना भी बुरा नहीं..
