Sungrazer Come: आसमान को निहारने वालों के लिए एक खुशखबरी है। इस माह हमें एक और धूमकेतु दिख सकता है। फिलहाल तो आप सभी लोग 'शैतान' धूमकेतु का मजा लीजिए। इस माह के पहले पखवाड़े में एक बेहद चमकीला त्सुचिंशान-एटलस नामक धूमकेतु आधी रात और तड़के आसमान में दिखाई देगा जिसे आप नग्न आंखों से भी देख सकते हैं।
त्सुचिंशान-एटलस वही 'शैतान' धूमकेतु है, जो 80,000 सालों से भी ज्यादा समय बाद पृथ्वी के नजदीक आ रहा है। हालांकि, जीवन में एक बार आने वाला 'शैतान' धूमकेतु आसमान में दिखाई देने वाला एकमात्र आगंतुक नहीं है। खगोलविदों ने एक और धूमकेतु को खोज निकाला है।
नए धूमकेतु की हुई खोज
एटलस के अलावा आसमान में C/2024 S1 नामक धूमकेतु की खोज हुई है, जो इस माह पृथ्वी के बेहद करीब से गुजरेगा और संभवत: नग्न आंखों से देखा जा सकेगा। पिछले कुछ हफ्तों से स्काईवॉचर्स 'शैतान' धूमकेतु को लेकर जुनूनी नजर आ रहे हैं, जिसे पहली बार 2023 की शुरुआत में खोजा गया था। पहले अनुमान लगाया गया था कि 'शैतान' धूमकेतु पृथ्वी के नजदीक आते समय टूट जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और अब 12 अक्टूबर को धूमकेतु हमारे ग्रह के बेहद करीब पहुंचेगा।
पिछले कुछ दिनों में 'शैतान' धूमकेतु को कई बार कैप्चर किया गया है, लेकिन आगामी कई हफ्तों में यह मंद होता जाएगा। खैर, 12 अक्टूबर को अंतरिक्ष प्रेमी एक बार फिर से इसे नग्न आंखों से देख पाएंगे।
C/2024 S1 धूमकेतु
खगोलविद C/2024 S1 धूमकेतु को 'सनग्रेजर' बताते हैं। बकौल खगोलविद, 'सनग्रेजर' धूमकेतु ऐसे धूमकेतु होते हैं, जो सूर्य के बेहद करीब से गुजरने वाले होते हैं और अगर इनकी टक्कर सूर्य से नहीं होती है तो यह वापस बाहरी सौरमंडल की ओर चला जाते हैं। हालांकि, सनग्रेजर धूमकेतु का सूर्य से बचकर निकल पाना लगभग असंभव सा प्रतीत होता है।

एटलस धूमकेतु (फोटो साभार: https://x.com/dominickmatthew)
कब दिखेगा C/2024 S1 धूमकेतु
लाइव साइंस की रिपोर्ट के मुताबिक, C/2024 S1 धूमकेतु की चमक 24 से 28 अक्टूबर के बीच चरम पर होगी और रात के समय आसमान में यह शुक्र ग्रह से ज्यादा चमकीला दिखाई देगा। हालांकि, अंतरिक्ष प्रेमियों को C/2024 S1 धूमकेतु दक्षिणी गोलार्ध में सूर्योदय से ठीक पहले दिख सकता है।
क्या उत्तरी गोलार्ध में नहीं दिखेगा धूमकेतु?
ऐसा बिल्कुल नहीं है, उत्तरी गोलार्ध में भी C/2024 S1 धूमकेतु दिखाई देगा, लेकिन उसके लिए आप लोगों को थोड़ा धैर्य रखना पड़ेगा। अगर सूर्य से C/2024 S1 धूमकेतु बच गया तो 29 से 31 अक्टूबर के बीच उत्तरी गोलार्ध में दिख सकता है, लेकिन उस वक्त यह धुंधला हो जाएगा।
