नॉलेज

सुदूर अंतरिक्ष में दिख रही अद्भुत 'आंख' किसकी है? NASA ने अद्भुत रहस्य से उठाया पर्दा

Hourglass Nebula: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने एक ऐसी दिलचस्प तस्वीर साझा की, जो कौतुहल का विषय बन गई। अंतरिक्ष प्रेमी तो इस छवि को देखकर मंत्रमुग्ध हो गए। दरअसल, हबल स्पेस टेलीस्कोप की मदद से कैप्चर की गई इस तस्वीर में एक 'आंख' दिखाई दे रही है और उसके आसपास घंटेनुमा आकृत्ति दिखाई दे रही है।

Image

अद्भुत नेबुला (फोटो साभार: NASA)

KEY HIGHLIGHTS
  • हबल ने कैप्चर किया अद्भुत नजारा।
  • पृथ्वी से 8000 प्रकाश वर्ष दूर दिखी आंख।

Hourglass Nebula: ब्रह्मांड में काफी कुछ ऐसा छिपा हुआ है जिसके बारे में शायद ही कभी वैज्ञानिकों को पता चल सकें, लेकिन उन्नत टेलीस्कोप की मदद से वैज्ञानिक सुदूर अंतरिक्ष में झांकने की लगातार कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में सुदूर अंतरिक्ष में एक अद्भुत आंख दिखी है, जो मंत्रमुग्ध कर रही है। इसके अतिरिक्त 'ईश्वर का हाथ', 'स्वर्ग की रानी' जैसी कलाकृत्तियां भी देखी जा चुकी हैं।

हबल ने कैप्चर किया अद्भुत नजारा

हबल स्पेस टेलीस्कोप ने सुदूर अंतरिक्ष में 'आंख' का अद्भुत नजारा कैप्चर किया है, जिसे अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया है। बकौल नासा, 1996 में हबल ने लगभग 8000 प्रकाश वर्ष दूर स्थित इस युवा ग्रहीय नेबुला को वाइड फील्ड एंड प्लैनेटरी कैमरा 2 (WFPC2) से कैप्चर किया था, जिसका आकार एक घंटे के समान प्रतीत हो रहा है, लेकिन केंद्र में स्थित 'आंखनुमा' आकृत्ति चमक रही है।

कैसे बनते हैं ग्रहीय नेबुला?

ग्रहीय नेबुला सूर्य जैसे तारों के नष्ट होने पर बनते हैं। जब तारा ढहता है तो उसकी बाहरी परतें अलग हो जाती हैं जिससे धूल और गैस का एक अनोखा बादल बनता है जिसे ग्रहीय नेबुला के रूप में जाना जाता है। हालांकि, यह कोई असामान्य घटना नहीं है, फिर भी 'आंख' बेहद अनोखी है।

Hourglass नेबुला में एक फिरोजी नीली आंख दिखाई दे रही है, जिसे देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मानो यह 'ईश्वर की आंख' हों। इस अद्भुत तस्वीर को देख अंतरिक्ष प्रेमी मंत्रमुग्ध हो गए। आंख के दोनों ओर लाल-नारंगी रंग के घंटे के आकार की संरचना दिखाई दे रही है। हालांकि, यह तस्वीर नाइट्रोजन, हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की रोशनी में दमकती हुई तीन अलग-अलग छवियों से बनी है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें