Universe: क्या आप जानते हैं कि हमारी आकाशगंगा यानी मिल्की-वे का ब्रह्मांड में एक बड़ा भाई भी है। जी, हां। आप एकदम सही पढ़ रहे हैं- मिल्की-वे का बड़ा भाई। जिसकी बनावट मिल्की-वे के समान है और दो लाख प्रकाश वर्ष तक फैली हुई है।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने मिल्की-वे की तरह दिखाई देने वाली दूसरी आकाशगंगा, जिसे मिल्की-वे का बड़ा भाई भी समझा जाता है, कि तस्वीर जारी की है।
किसके कैप्चर की तस्वीर
नासा ने हबल स्पेस टेलीस्कोप की मदद से मिल्की-वे के बड़े भाई यानी एनजीसी 6744 (NGC 6744) का अद्भुत नजारा कैप्चर किया। जिसके केंद्र से सफेद रोशनी उठ रही है, जबकि गैस और धूल के कणों वाली स्पाइरल भुजाओं में हल्के नीले और बैंगनी रंग के तारे टिमटिमा रहे हैं।
कहां स्थित है NGC 6744?
NGC 6744 ब्रह्मांड में हमारी आकाशगंगा से सबसे ज्यादा मिलती-जुलती आकाशगंगाओं में से एक है। हबल द्वारा कैप्चर किया गया पैराबैंगनी नजारा स्पाइरल भुजाओं के विस्तार को उजागर करता है। NGC 6744 आकाशगंगा पावो तारामंडल में लगभग 30 मिलियन प्रकाश वर्ष दूर स्थित है।
NGC 6744 का क्या है आकार?
अगर हम एनजीसी 6744 आकाशगंगा के आकार की बात करें तो यह आकाशगंगा मिल्की-वे के व्यास से लगभग दोगुना बड़ी है और दो लाख प्रकाश वर्ष से ज्यादा तक फैली हुई है।
